अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री शिव श्याम बगीची धाम चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार रात श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन किया गया। बाबा के जन्मोत्सव पर 101 पौंड के विशेष केक सहित 50 से अधिक केक काटे गए। रात 12 बजे भव्य आतिशबाजी कर श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर नाचते-झूमते रहे।
श्री श्याम बगीची धाम के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह बगीची परिसर में हवन-यज्ञ किया गया। दोपहर को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान ललित गोयल, संजीव डूमरा, अजय जिंदल और मनोज कोचर ने सपरिवार पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी राकेश शास्त्री, धनंजय शुक्ला और हितेश शर्मा ने विधि-विधान से पूजन संपन्न करवाया। इसके बाद बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित कर आरती की गई।
भजन संध्या का शुभारंभ राजेंद्र गनेरीवाला ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डार दई, उत्सव श्याम बाबा का मनाया, जन्मदिन आया है श्याम बाबा ने बुलाया है, भर दे श्याम झोली भर दे और खाटू वाले श्याम मेरी रखोगे लाज सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद मध्यप्रदेश के इंदौर से आई भजन गायिकाओं अधिष्ठा और अनुष्का ने 'नीला रे मणै श्याम से मिला दे', 'सांवरे जब तू मेरे साथ है फिर डरने की क्या बात है', 'हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है', 'तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना, 'खाटू बुला रहा है ये कृपा नहीं तो क्या है' और 'हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे आजा' सहित अनेक भजन सुनाए। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
भाग्यशाली श्रद्धालु को भेंट की सोने की चेन व लॉकेट
पवन गर्ग ने बताया कि जन्मोत्सव पर रात 12 बजे 101 पौंड के केक सहित 50 से अधिक केक काटे गए। इसके साथ ही बाबा के खजाने के रूप में सोने की चेन और लॉकेट भाग्यशाली विजेता कंगनपुर रोड निवासी अनिल जिंदल को भेंट किया गया। शाम छह बजे भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई और भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।