संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर मंगलवार को शहर में भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई। श्री श्याम बगीची के मुख्य सेवादार पवन गर्ग ने बताया कि श्री श्याम जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को महिला श्रद्धालुओं ने बगीची परिसर में बाबा श्याम के नाम की मेहंदी हाथों में रचाई। मंगलवार सुबह बगीची परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्याम प्रेमियों ने भाग लिया। बाबा श्याम को फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। इस दौरान बाबा श्याम की आरती हुई और बगीची से विशाल निशान शोभा यात्रा आरंभ की गई। विशाल निशान शोभा यात्रा में करीब 1300 महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने हाथों में बाबा श्याम का निशान के साथ भाग लिया।
शोभा यात्रा में बाबा श्याम के रथ के अलावा, भगवान शंकर, भोले शंकर का शिवगणों के साथ नृत्य की झांकी, मां काली, राधा-कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभा यात्रा का शहर में जगह-जगह पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। शोभा यात्रा श्याम बगीची से चलकर सरदार जगदेव सिंह चौक, शिव चौक, सिटी थाना रोड, सदर बाजार, आर्य समाज रोड, हिसारिया बाजार, भगत सिंह चौक, रोड़ी बाजार, सुभाष चौक, पुरानी सब्जी मंडी, जनता भवन रोड होते हुए श्याम बगीची में पहुंचकर संपन्न हुई। इसके उपरांत बगीची में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा में नाचते राधा कृष्ण बने कलाकार व श्रद्धालु। स