प्री-मानसून ने जन स्वास्थ्य विभाग और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के प्रबंधों की पोल खोलकर रख दी है। सोमवार सुबह एक घंटे तक हुई बरसात के कारण शहर में चारों ओर पानी-पानी हो गया। 40 एमएम बारिश में नेशनल हाईवे पर लगे दोनों बोरवेल फेल हो गए। वहीं, बरसाती पानी घरों और दुकानों में घुस गया।
मंडी किलियांवाली स्थित जन स्वास्थ्य विभाग के डिस्पोजल के निकट पंजाब के किसानों के पानी लेने से इंकार करने के बाद हालात और भी पतले हो गए। रामबाग के निकट बने गड्ढों के फुल होने के कारण आनन-फानन में डिस्पोजल के भीतर तैयार किए गए गड्ढों में बरसाती पानी निकालने का प्रयास किया गया। रविवार सुबह करीब चार बजे जोरदार बरसात शुरू हो गई। करीब एक घंटे चली बरसात से नेशनल हाईवे, गोल चौक, पब्लिक क्लब क्षेत्र, सब्जी मंडी क्षेत्र, मेन बाजार, कॉलोनी रोड, न्यू बस स्टैंड रोड, मीना बाजार, वाल्मीकि चौक पर कई-कई फुट पानी भर गया।
यहीं नहीं, शहर के मुख्य मार्गों के अतिरिक्त मैनहोल ठप होने के कारण गलियों में से बरसाती पानी घरों में प्रवेश कर गया। परशुराम चौक के निकट बरसाती पानी दुकानों में घुस गया। राहगीरों को मुश्किलें आई। वहीं, दुकानदारी ठप हो गई। उधर, सब्जी मंडी में घुटनों तक पानी होने की वजह से पूरा दिन सब्जी और फल की रेहड़ियां नहीं लगी। सोमवार सुबह पांच बजे बरसात थम गई। इसके बावजूद शाम तक पानी नहीं निकलने की वजह से सब्जी मंडी में खरीदारों की संख्या कम ही रही।
आरओबी का कार्य प्रभावित
बरसात का पानी निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने की वजह से प्री-मानसून ने आरओबी पर ब्रेक लगा दिए। डबवाली-मलोट रोड रेलवे फाटक पर बने रहे आरओबी के लिए संबंधित ठेकेदार ने खुदाई की हुई है लेकिन पानी निकलने का इंतजाम नहीं होने पर इस रोड पर आने वाली संबंधित गलियों का बरसाती पानी खुदाई वाली जगह पर आकर इकट्ठा हो गया। आरओबी वाली जगह झील में तबदील हो गई। बाद में ठेकेदार के कारिंदों ने पंप की सहायता से पानी निकालने का प्रयास शुरू किया। पानी को रेलवे डिग्गियों में डाला गया।
पानी से लबालब हुआ बस अड्डा
चौटाला रोड पर स्थित हरियाणा बस स्टैंड में पानी निकलने की व्यवस्था नहीं होने के कारण बस अड्डा तालाब में तबदील हो गया। बस यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहीं नहीं, गोल चौक पर स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर पानी भरने के कारण लोगों को बस लेने में काफी दिक्कत आई।
जब सफाई ही नहीं हुई तो चलेंगे कैसे
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने बरसाती पानी निकालने के लिए गोल चौक और सिरसा रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक बोरवेल किए हुए हैं लेकिन इनकी स्थिति खराब ही है। इसकी पोल मानसून से पहले आई बरसात ने खोलकर रख दी है। सिरसा रोड के दुकानदार कृष्ण ढालिया और गोल चौक पर स्थित किराना दुकान के मालिक रिंकू, चाय विक्रेता प्रमोद ने बताया कि बोरवेल की दुकानों के ठीक सामने स्थित है। इन्हें बने हुए चार से पांच साल हो गए हैं। इस दौरान आज तक एक बार भी इनकी सफाई नहीं की गई। हर बार बारिश में यही स्थिति होती है। पानी तो निकलता नहीं। हां, हादसों कारण जरूर बन रहे हैं। बरसात के पानी में बोरवेल डूबने से वाहन चालकों को इसका पता नहीं चलता और दुर्घटना हो जाती है।
पंजाब में बिजली बंद
पंजाब में बिजली बंद होने के कारण मंडी किलियांवाली का डिस्पोजल देरी से शुरू हो पाया। ऊपर से किसानों ने पानी लेने से मना कर दिया। पानी निकालने के लिए जगह कम होने के कारण शहर में से पानी निकालने में दिक्कत आ रही है। राम बाग के पास बने दोनों गड्ढे पानी से भर गए हैं। अस्थायी तौर पर डिस्पोजल में बनाए गए दो गड्ढों में पानी निकाला गया।
-सतपाल रोज़, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग, डबवाली