संवाद न्यूज एजेंसी।
रोड़ी। 10वीं कक्षा का प्रमाणपत्र संदिग्ध पाए जाने पर जिला उपायुक्त ने गांव मलड़ी की सरपंच मनप्रीत कौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में सरपंच ने कुछ भी जानकारी होने से इनकार किया है।
उपायुक्त की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि पंचायत आम चुनाव 2022 के दौरान नामांकन प्रक्रिया के समय मनप्रीत कौर ने जो 10वीं कक्षा का शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया गया था, वह एसडीएम कालांवाली की जांच में नकली बोर्ड से प्राप्त किया हुआ मिला है। पत्र में स्पष्ट तौर पर लिखा गया कि सरपंच दस्तावेज को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने ऐसा क्यों व किन कारणों से किया है। लिखित स्पष्टीकरण नोटिस प्राप्ति के दस दिन के अंदर उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। यदि 10 दिनों में जवाब प्राप्त नहीं होता है तो सरपंच के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सरपंच मनप्रीत कौर ने कहा कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। अभी तक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र प्राप्त होगा तो जवाब दिया जाएगा।