राजस्थान के बिल काट सिरसा में सीमेंट उतारने पर सिरसा ट्रक चालकों और सीमेंट स्टील व्यापारियों में तनातनी हो गई। दोपहर बाद सिरसा ट्रक यूनियन वालों ने सीमेंट के ट्रक को रोककर कागजात जांचने शुरू कर दिए। जिस पर हंगामा हो गया। सिरसा शहर के सीमेंट व्यापारी एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक बहस चलती रही।
सीमेंट व्यापारी प्रवेश ने बताया कि सिरसा के ट्रक चालक परेशान कर रहे है। यह हमारी गाड़ियों को रोककर दुर्व्यवहार करते है और कागज छीन लेते है। जिसे लेकर पुलिस को शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। वहीं भारत ट्रक ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि व्यापारियों के बिल हनुमानगढ़ के कटे हुए हैं, लेकिन रेता सिरसा में उतारते है। इनका चालान होना चाहिए। इसका विरोध जताया तो पुलिस से कार्रवाई करवाने की धमकी देने लगे। इसके बाद स्टील एंड सीमेंट व्यापार संघ के सचिव मान सिंह शाक्या ने बताया कि सिरसा स्टील एंड सीमेंट व्यापार ने निर्णय लिया है कि सिरसा शहर में सीमेंट, रेता, बजरी की दुकानें 13 जुलाई से बंद रहेंगी।