रोड़ी। गांव फग्गू में सीमेंट के बैग के पैसे वापस मांगने पर दुकानदार और पादरी के बीच विवाद हो गया। जिसमें दुकानदार ने पादरी पर हमला कर दिया। वहीं पादरी को सामुदायिक कालांवाली में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
पादरी अमीलाल ने बताया कि वह गांव रोहन में स्थित चर्च में पादरी है। गांव फग्गू में सीमेंट, क्रशर व बजरी का काम करने वाले दुकानदार मोहित से 29 मई को 35 बैग सीमेंट के लिए थे। जिसकी 15 हजार रुपये का भुगतान उसने ऑनलाइन की थी। इसके बाद मोहित को बजरी व क्रशर आदि सामान भेजने के लिए कहा। जिस पर मोहित ने अग्रिम भुगतान मांगा। जिसको लेकर उनमें मनमुटाव हो गया और सभी 35 सीमेंट के बैग वापस भिजवा दिए और उसे सभी के पैसे वापस ऑनलाइन करने के लिए कहां। ऐसे में मोहित ने ट्रैक्टर के किराये, तार व सीमेंट के थैलों की लदाई के पैसे काट कर अपने मोबाइल से 14150 रुपये गुगल पे में वापस भेज दिए।
अमीलाल ने बताया कि पैसे काटने पर जब वह दुकान पर मोहित से बातचीत करने के लिए गया तो उसने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। झगड़ा बढ़ने पर मोहित ने कस्सी से उसके ऊपर हमला कर दिया। जिससे उसके हाथ पर चोट आई। वहीं मौजूद दूसरे युवक पवन कुमार ने उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसके पैर और कमर पर चोटें आईं। इतना ही नहीं दोनों ने उसे जातिसूचक गालियां भी दी।
वहीं शोर सुनकर पड़ोस में मीट की दुकान करने वाला दुकानदार भागकर मौके पर आया। घायल अमीलाल ने बताया कि उसने अपने भाई सतनाम सिंह को फोन पर सारी बात बताई। इस पर वह मौके पर आया और उसे सरकारी अस्पताल रोड़ी में लेकर आया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक केंद्र कालांवाली भेज दिया। कालांवाली से उसे सरकारी अस्पताल सिरसा भेज दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार दोनों लोगों के खिलाफ पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।