विजेता शिव शंकर कोच कर्ण सिंह के साथ। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा/रोड़ी। कहते हैं जब मन में कुछ कर दिखाने का जज्बा हो तो हमें कोई भी मुसीबत नहीं रोक सकती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है रोड़ी निवासी शिव शंकर ने। शंकर ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्चरी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
स्टेडियम के आर्चरी प्रशिक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्चरी चैंपियनशिप में गुरु काशी यूनिवर्सिटी बठिंडा में 23 से 28 दिसंबर तक हुई। प्रतियोगिता के 30 मीटर इवेंट में शिव शंकर ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। प्रतियोगिता में देशभर के करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। शंकर अपनी आमदनी चलाने के लिए माली का काम करता है। अपने हुनर और जज्बे को कायम रखने के लिए भगत सिंह स्टेडियम में सात घंटे अभ्यास करता है। इसी के साथ शंकर ने अपनी पढ़ाई भी निरंतर जारी रखी है। शंकर नेशनल कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का विद्यार्थी है। कोच कर्ण सिंह ने बताया कि शिव की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। लेकिन उसमें खेलने व कुछ कर गुजरने का जज्बा बहुत है। इसके चलते उन्होंने युवक को निशुल्क में कोचिंग दी।
अभ्यास प्रभावित न हो इसलिए कोच ने की मदद
आर्चरी की किट बहुत ज्यादा महंगी आती है। इसे शंकर खरीदने में सक्षम नहीं था, लेकिन शंकर निशाना लगाते समय सबको पीछे छोड़ता था। इसे देखते हुए आर्चरी कोच ने उसे किट अपने खर्चे से दिलवाकर दी, ताकि उसकी प्रैक्टिस किसी प्रकार से प्रभावित न हो सके। इस किट के माध्यम से ही शिव ने अभ्यास कर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में गोल्ड मेडल जीतकर नाम रोशन किया है। शिव शंकर ने बताया कि अब उसकी तैयारी इंटरनेशनल लेवल पर गोल्ड लेने की है। अब दिन में सात घंटे के बजाय आठ घंटे प्रेक्टिस किया करेगा।
शिव शंकर नेशनल कॉलेज में बीए का विद्यार्थी है। वह आर्चरी को बहुत अच्छे ढंग से प्रदर्शित करता है। उसने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में गोल्ड मेडल हासिल किया है। इसे देखकर बहुत खुुशी हुई है। शिव अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपना काम और फिर आर्चरी को सात घंटे देता है।- कर्ण सिंह, कोच, आर्चरी, शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम