ओढ़ा थाने में पहुंचीं एसपी निकिता खट्टर के साथ मौजूद पुलिस।
ओढ़ां। डबवाली क्षेत्र की एसपी निकिता खट्टर ने शनिवार को ओढ़ां थाना में पुलिसकर्मियों की बैठक ली। उन्होंने नशे पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि अपने बीट क्षेत्र में नशा तस्करों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसें। कोई नशा तस्कर किसी भी हालत में पुलिस से बचना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि आमजन के प्रति मैत्रीपूर्ण होनी चाहिए। तभी आमजन पुलिस का सहयोग करेंगे। उन्होंने एनडीपीएस से संबंधित मामलों में अदालत में मजबूत पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी तस्कर या अपराधी कानून से बचना नहीं चाहिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि थाने में महिलाओं समेत हर फरियादी के साथ सलीके से पेश आएं। फरियादी की बात अच्छी तरह से सुनें और उन्हें कार्रवाई से संतुष्ट करें। एसपी ने आमजन से तस्करों की सूचना सीधे उन्हें देने की अपील की। कोई पुलिसकर्मी सूचना देने वाले से उसके बारे में नहीं पूछेगा। नशे पर तभी पूरी तरह से अंकुश लग सकता है, जब आमजन पुलिस का सहयोग करेंगे।
गांव नुहियांवाली में नशे के खिलाफ जागृति शिविर लगाकर कई युवाओं का नशा छुड़वाने के कार्य की एसपी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह हर गांव के लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने डीएसपी संदीप धनखड़ और ओढ़ां थाना प्रभारी कमलेश रानी से कहा कि हर गांव में युवाओं को संगठित कर नशे के खिलाफ जागरूक करें और नशा खत्म करने में समाजसेवी लोगों का सहयोग लें। बैठक के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों की कार्य की समीक्षा कर उनसे बातचीत भी की।