सिरसा। अग्रसेन कॉलोनी में अज्ञात शख्स एक कार का शीशा तोड़कर दो लाख रुपये चुराकर ले गया। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 20 निवासी गुरदीप सिंह शुक्रवार को अपनी स्कॉर्पियो कार में सवार होकर अग्रसेन कॉलोनी में गया था। उसने एसबीआई वाली गली में अपने कार खड़ी कर दी। कुछ समय बाद वह गाड़ी के पास आया तो उसका शीशा टूटा मिला और एक बैग भी गायब था। बैग में दो लाख रुपये व अहम दस्तावेज थे। इसे अज्ञात शख्स चुराकर ले गया। जांच अधिकारी इंद्र सेन का कहना है कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घर में चोरी की वारदात की गुत्थी सुलझी, तीन आरोपी गिरफ्तार
सिरसा। घर में चोरी की वारदात को सुलझाते हुए शहर थाना पुलिस ने आरोपी आनंद, गौतम व सोहन मेला ग्राउंड, सिरसा निवासीको गिरफ्तार किया है। शहर थाना से जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि 20 सितंबर 2025 को मेला ग्राउंड निवासी पुरुषोत्तम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित हिसार गया हुआ था। वापस आया तो दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में से 40 हजार रुपये व सोने-चांदी के गायब मिले। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।