डबवाली (सिरसा)। डबवाली पुलिस जिले में तैनात सिक्योरिटी एजेंट इंद्रदेव को नशे के धंधे में संलिप्तता के आरोपों के बीच निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक मेडिकल स्टोर संचालक से दो हजार रुपये लेते हुए का वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की।
पुलिस विभाग में तैनात सिक्योरिटी एजेंट इंद्रदेव के खिलाफ पिछले कुछ समय से नशे के धंधे से जुड़े होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने पहले उसे लाइनहाजिर किया और बाद में निलंबित कर दिया गया। निलंबन के साथ ही सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी वीडियो वीरवार को सामने आया। बताया जा रहा है कि यह फुटेज 5 मई की गांव जोगेवाला स्थित एक मेडिकल स्टोर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दो हजार रुपये लेनदेन दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी सिविल ड्रेस में नजर आ रहा है इसकी भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता आनंद बेनीवाल ने बताया कि वीडियो वायरल होने से पहले ही विभाग ने शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी थी। संवाद