स्ट्रांग रूप को सील करते कर्मचारी और तैनात सुरक्षाकर्मी।
सिरसा। जिलाधीश आरके सिंह ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम के आसपास धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं सामान्य पर्यवेक्षक देव कृष्णा तिवारी व जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह ने सभी स्ट्रांग रूम को अपनी देखरेख में सील करवाया।
बता दें कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में सिरसा व डबवाली विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं तथा वहीं पर पोस्टल बैलेट पेपर की गणना होगी। विश्वविद्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भवन में रानियां विधानसभा क्षेत्र, आंबेडकर लॉ भवन के मूट कोर्ट हॉल में कालांवाली व लाइब्रेरी हॉल में ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं।
अधिकारियों की मौजूदगी में सील हुए स्ट्रांग रूम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान के बाद शाम 7 बजे से पोलिंग पार्टियां मतगणना केंद्र पर ईवीएम लेकर पहुंचनी शुरू हो गई थी। देर रात तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतगणना केंद्रों पर पहुंची। इसके बाद सभी पांचों विधानसभा के ईवीएम स्ट्रांग रूम को चुनाव पर्यवेक्षक देव कृष्णा तिवारी की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ सील किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधि भी उपस्थिति रहे।