सिरसा। थाना शहर पुलिस ने छिना झपटे के मामले में दूसरे आरोपी मस्तगढ़ जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी रविंद्र कुमार उर्फ राकेश उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश करेगी।
जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता गली नं. 5, लोहिया बस्ती सिरसा निवासी रेणु ने 14 मई 2025 को शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि मंदिर से पूजा कर घर लौटते समय दो युवक बाइक पर सवार होकर आए। उसके गले से सोने की तीन तोले की चेन झपटकर फरार हो गए।
इस संबंध में थाना शहर सिरसा में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान विशेष स्टाफ हिसार से सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल पानीपत निवासी आरोपी अरविंद उर्फ गुज्जर को अन्य मामले में पकड़ा है। प्रोडक्शन वारंट पर उसे सिरसा लाकर शामिल तफ्तीश किया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी आरोपी रविंद्र कुमार उर्फ राकेश उर्फ शिवा के बारे में बताया।
आरोपी रविंद्र उर्फ राकेश को चंडीगढ़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर अदालत में पेश करवाकर सिरसा पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल बाइक और चेन बेचकर प्राप्त रकम को अपने निवास स्थान पर रखने की बात कबूल की। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। आरोपी रविंद्र को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।