डबवाली। जिला पुलिस ने टास्क और इंवेस्टमेंट फ्रॉड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर नागरिकों को जागरूक करने के लिए साइबर एडवाइजरी जारी की। पुलिस अधीक्षक डबवाली, निकिता खट्टर ने बताया कि साइबर अपराधी नागरिकों को पार्ट टाइम जॉब और आकर्षक मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं।
सबसे पहले व्हाट्सएप पर विदेशी या भारतीय नंबर से मैसेज आता है जिसमें बड़े यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कराने के टास्क दिए जाते हैं। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क देकर स्क्रीनशॉट भेजने के लिए कहा जाता है। इसके बाद टेलीग्राम आईडी के जरिए बैंक डिटेल मांगकर फ्रॉड अंजाम दिया जाता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध टास्क या जॉब ऑफर में जल्दबाजी न करें और अपने बैंक और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा करें। जागरूकता ही साइबर फ्रॉड से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
बचाव के तरीके:
-किसी भी विदेशी या अनजान नंबर से आए पार्ट-टाइम जॉब मैसेज को अच्छी तरह जांचें। शक होने पर डिलीट कर दें।
-ज्यादा मुनाफे का लालच न पालें और ऐसे ऑफर को नजरअंदाज करें।
-जॉब के लिए किसी भी तरह का भुगतान न करें।
-पार्ट-टाइम जॉब ऑफर मिलने पर आमने-सामने मिलकर बात करें।
-जॉब देने वाली कंपनी का पता लेकर उसे वेरीफाई करें और अपॉइंटमेंट लेटर की पुष्टि करें।