चोपटा। खंड के गांव मानक दीवान स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन ज्ञान ज्योति डिफेंस अकादमी और जिला रेडक्रास सोसायटी की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन ने इसमें सहभागिता की। शिविर में 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अश्विनी शर्मा की टीम ने रक्त एकत्रित किया। शुभारंभ ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के संचालक अजब बेनीवाल ने किया।
उन्होंने बताया कि 18 साल की आयु से वह लगातार रक्तदान कर रहे हैं। वे स्कूल में हर साल रक्तदान शिविर का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। कोरोना महामारी के समय में रक्तदान की कमी न हो, इसी के देखते हुए स्कूल में इस साल यह तीसरा रक्तदान शिविर है। डॉ. अश्विनी शर्मा ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। इसलिए हमें किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने के लिए रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार विश्व रक्तदाता दिवस का थीम ‘रक्त दो और दुनिया के दिलों को धड़कने दो’ रहा।
जिला रेडक्रास सचिव लाल बहादुर ने कहा कि कोरोना काल में रक्तकोष में अचानक कमी आ गई थी, इस कमी को पूरा करने के लिए सभी को मिल जुल कर रक्तदान शिविरों का आयोजन करना चाहिए। इस दौरान कोविड-19 के सभी नियमों का पालन किया गया। अंत में जिला रेडक्रास सोसायटी व अमर उजाला फाउंडेशन ने सभी रक्त दाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पीएचसी दड़बा कलां के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवतार सिंह, करनैल सिंह लैब टेक्नीशियन, ओम प्रकाश, गीता रानी, पवन शर्मा, गगन बेनीवाल, विकास, आशा रानी, रविंद्र, बजरंग, चानन, योगेश, पुष्पा, अनिल, दलबीर दड़बा, मास्टर रविंदर, वनीता, रंजीत टक्कर, विकास सिरोही आदि मौजूद रहे।