पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण में 24 जनवरी को सिरसा और नाथूसरी चौपटा खंडों में होने वाले चुनाव के लिए ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों, अधिकारियों को चुनाव सामग्री व ईवीएम वितरित कर रवाना कर दिया गया है। सिरसा खंड के लिए स्थानीय महिला बहु तकनीकी संस्थान में चुनाव सामग्री व ईवीएम वितरित की गई जबकि नाथूसरी चौपटा खंड के लिए खंड कार्यालय नाथूसरी चोपटा में चुनाव सामग्री व ईवीएम दी गई। साथ ही उन्हें ईवीएम व चुनाव सामग्री के बारे में विशेष जानकारी भी दी गई। खंड सिरसा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने बताया कि सिरसा खंड में एक लाख 11 हजार 116 मतदाता है। सिरसा खंड में 170 मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। इनमें से सिरसा खंड में नौ मतदान केंद्र संवेदनशील तथा नौ मतदान केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं तथा इन केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरसा खंड में 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा 15 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट चुनाव के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखेंगे, जबकि सुपरवाइजर मतदान पार्टियों से समन्वय बनाए रखेंगे। सिरसा खंड में सरपंच पद के लिए 178 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं व सिरसा खंड में 430 पंच चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि खंड सिरसा व नाथूसरी चौपटा में 1975 अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई है।
खंड नाथूसरी चौपटा के रिटर्निंग अधिकारी बाबू लाल ने बताया कि नाथूसरी चोपटा खंड में एक लाख नौ हजार 539 मतदाता है। नाथूसरी चोपटा खंड में 192 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। नाथूसरी चोपटा खंड में 10 मतदान केंद्र संवेदनशील तथा 12 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं तथा इन केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाथूसरी चोपटा खंड में 17 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा 17 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी मजिस्टे्रट चुनाव के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखेंगे तथा सुपरवाइजर मतदान पार्टियों से समन्वय बनाए रखेंगे।
उन्होंने बताया कि नाथूसरी चोपटा खंड में 182 उम्मीदवार तथा नाथूसरी चोपटा खंड में 438 उम्मीदवार पंच का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मतदान के दिन शांतिपूर्ण मतदान को संपन्न करवाने के लिए पूरा सहयोग दे।
उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यदि कहीं कोई शिकायत आ रही हो तो नाथुसरी चोपटा व सिरसा खंड के लिए डीएसपी जगदीश काजला के मोबाइल नंबर 88140-11602 पर संपर्क कर सकते है।