निरंकारी मंडल के टोहाना जोन का संत निरंकारी महिला समागम
फोटो - 12
संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। संत निरंकारी सत्संग भवन ऐलनाबाद में रविवार को निरंकारी मंडल के टोहाना जोन का संत निरंकारी महिला समागम आयोजित हुआ। यह समागम सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज और पूज्य निरंकारी राजापिता रमित के आशीर्वाद से हुआ। इसमें जिला सिरसा की 18 शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
संत निरंकारी मिशन जिला सिरसा के प्रेस सहायक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि समागम की अध्यक्षता कर्मयोगिनी नीलम ने की। उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज का संदेश दिया। नीलम ने कहा कि परिवार में महिला की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
सहनशीलता, नम्रता, दया, भक्ति और सेवा से सुख-शांति आती है। महिलाओं को गुरु शिक्षाओं को जीवन में उतारते हुए संस्कारों को प्राथमिकता देनी चाहिए। भक्ति घर से शुरू होती है और वास्तविक प्रतिष्ठा अच्छे संस्कारों से बनती है। जहां नारी का सम्मान होता है, वहां सकारात्मक वातावरण रहता है।
ब्रह्मज्ञान और सेवा का आह्वान
समागम में अन्य वक्ता बहनों ने ब्रह्मज्ञान, भक्ति, सेवा और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि ब्रह्मज्ञान से जीवन में सहजता आती है और विचार-कर्म सकारात्मक होते हैं। परमात्मा पर विश्वास बनाए रखने तथा सभी के भले की भावना से जीवन जीने का आह्वान किया गया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। संत निरंकारी मंडल के सेवादल की बहनों और महात्माओं ने श्रद्धापूर्वक सेवाएं निभाईं।