स्कूल के गेट के आगे फैला गंदा पानी।
ओढां। गांव नुहियांवाली में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी गली व सड़कों पर भरा हुआ है। इस कारण लोगों को पैदल आना जाना भी मुश्किल हो गया। इसके चलते लोगों ने पंचायत विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों ने मांग की कि नालियों की सफाई करवाई जाए, ताकि लोगों को दूषित माहौल से मुक्ति मिले।
ग्रामीण महेंद्र सिंह, साहिल, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, प्रेम कुमार व बलवंत सिंह आदि ने बताया कि पंचायत घर के निकट मुख्य गली की नाली की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। इस कारण नाली कई जगह से बंद हो गई है और पानी बाहर सड़कों पर बह रहा है। पानी के कारण गलियों में लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया है और सड़क भी कई जगह से टूटने लगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में महज दो सफाई कर्मचारी हैं, जो नालियों व गलियों की सफाई के लगाए गए है। यह कर्मचारी भी महज औपचारिकता करते हैं। नालियों से गाद कई बार निकालते हैं तो उसे उठाकर नहीं लेकर जाते हैं। ऐसे में बारिश आने पर वह वापस नालियों में चला जाता है। इस कारण मजबूरन कई बार लोगों को नालियां साफ करनी पड़ती हैं।
गांव का मुख्य रास्ता होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी
लोगों ने बताया कि यह रास्ता गांव का मुख्य रास्ता है। यहां से दिनभर लोगों व वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में गली में फैले गंदे पानी से उन्हें गुजरना पड़ता है। इस गली के साथ लगते स्कूली बच्चों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे गिर चुके हैं। गंदा पानी जमा होने के कारण मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। इससे मलेरिया जैसे रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।
प्राथमिक पाठशाला के सामने भरा गंदा पानी
लोगों ने बताया कि प्राथमिक पाठशाला के मुख्य गेट के सामने गंदा पानी जमा हो चुका हैं। स्कूल के अंदर जाने में बच्चों का परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल प्रबंधन भी कई बार इस समस्या के समाधान की मांग कर चुका है।
वैसे तो सफाई कर्मचारी सफाई करते ही हैं। अगर कहीं दिक्कत है तो इस ओर ध्यान देकर उनको बोला जाएगा। स्कूल के गेट के सामने जो समस्या है, वह काफी समय से है। वहां अंडरग्राउंड पाइप डालकर या अन्य तरीके से स्थायी समाधान किया जाएगा।
- सुनीता देवी, ग्राम सरपंच।