कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने में लगा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग जिले में मिलने वाले लोगों के सैंपल लैब में जांच के लिए भेज रहा है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की भी स्क्रीनिंग की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीरवार को कुल पांच सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए। जिनमें दो सैंपल जैल के कैदियों तथा दो सैंपल पुलिस कर्मियों के हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अभी करीब 14 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा हुआ है।
कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क तथा सजग होकर लोगों की जांच करने में जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें तथा मोबाइल वैन लोगों की घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रही है। इसी बीच जिले में जांच के समय एक मरीज कोरोना संक्रमित लगा जिसको स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया है। वहीं पुलिस विभाग में दो कर्मचारी छुट्टी पर गुरुग्राम से सिरसा पहुंचे थे, जब स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस कर्मचारियों की स्क्रीनिंग कर रही थी तो उस समय दोनों कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें खांसी, जुकाम की शिकायत है। स्वास्थ्य विभाग दोनों कर्मचारियों को सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिया। सिविल अस्पताल सिरसा में अभी तक कुल 14 कोरोना संदिग्ध मरीज आइसोलेशन में भर्ती हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को करीब 20 सैंपल लैब में भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने दो पुलिस कर्मचारियों, दो जेल कैदियों तथा एक सामान्य रोगी का मिलाकर पांच सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
स्टेडियम में लगाए पांच काउंसलर
स्वास्थ्य विभाग ने पांच काउंसलर को भगत सिंह स्टेडियम में लगाया है। जो वहां मौजूद किसानों तथा अन्य लोगों की स्क्रीनिंग करेंगे। काउंसलर का काम होगा कि वह वहां आने वाले सभी लोगों की जांच करें।
गर्ल्स हॉस्टल में प्रशासन ने भेजा राशन
सिविल अस्पताल में ट्रेनिंग कर रही छात्राओं के लिए प्रशासन ने राशन भेजा है। सिविल अस्पताल में बने हॉस्टल में करीब 26 से 27 छात्राएं है जो यहां पर अपनी प्रेक्टिस कर रही हैं। प्रशासन ने इन छात्राओं के लिए राशन की व्यवस्था कर दी है।
टीमों ने की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने करीब 279 प्रवासी लोगों तथा मोबाइल वैन ने 1500 लोगों तथा नगर परिषद के 26 सफाई कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की है। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि अभी तक 14 मरीज सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है।
कंबाइन का भी रखा जा रहा रिकॉर्ड
जिले में करीब 132 कंबाइन मशीन गेेहूं निकालने में लगी हुई हैं, सभी कंबाइन का विभाग के पास रिकॉर्ड है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कंबाइन चालकों को निर्देश दे रखे हैं कि वह प्रतिदिन जिन भी किसानों के खेतों में काम करें वह अपना रिकॉर्ड रखें। जिससे अगर भविष्य में कोई कोरोना का केस मिलता भी है तो उसकी पहचान करने में ज्यादा मशक्कत न करनी पड़े।
जिले में पांच लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। बुधवार को भेजे गए 20 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में चल रही कंबाइन का भी डाटा मंगवाया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विभाग को भी बोला गया है कि वह कंबाइन का सैनिटाइज कर ही खेत में प्रयोग करें।
- डॉ. सुरेंद्र नैन, सीएमओ सिविल अस्पताल सिरसा।