सिरसा। ज्वेलर्स की दुकान से करीब 24 किलो 870 ग्राम चांदी व 164 ग्राम सोने जेवरात चोरी करने वाले आरोपी सेल्समैन अंकित को शहर थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर 486 ग्राम 04 मिलीग्राम चांदी बरामद कर ली गई है।
पुलिस को दी शिकायत में विष्णु सोनी निवासी गोलछा वाली गली ने बताया था कि उसकी विष्णु ट्रेडिंग कंपनी के नाम से भादरा बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। उसकी दुकान में अंकित कुमार निवासी माधोसिंघाना तीन साल से सेल्समैन है। विष्णु सोनी का कहना है कि पिछले सात माह से चांदी के माल का वजन सही नहीं मिल रहा था।
उसने अपने तौर पर जांच की तो पता चला कि करीब 24 किलो 870 ग्राम चांदी कम मिली। इसके अलावा 164 ग्राम सोना कम पाया गया। विष्णु सोनी का कहना है कि उसने मौजिज व्यक्तियों के सामने अंकित का बैग चेक किया तो उसमें से उसकी दुकान का चांदी का सामान बरामद हुआ। इसके बाद उसे विश्वास हो गया कि अब तक जितनी चांदी व सोना कम हुआ है वह अंकित चुराकर ले गया।
विष्णु सोनी ने कहा कि आरोपी अंकित करीब 24 लाख रुपये की चांदी व 15 लाख रुपये का सोना चोरी करके भाग गया। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर बुधवार को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी अंकित से शेष सोना व चांदी बरामद किया जाएगा।