सिरसा एयरबेस की फोटो भेजने के मामले में नूंह के जासूस मोहम्मद तारीफ को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर अब नगर परिषद प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है। एयरबेस के सामने अवैध रूप से बन रहे भवन मालिकों को नोटिस जारी करने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मंगलवार को सरकारी बैंक के भवन की दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य किया जा रहा था। नगर परिषद की टीम ने मौका निरीक्षण कर बैंक प्रबंधक को तुरंत प्रभाव से काम बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि जुलाई 2024 में एयरफोर्स अथॉरिटी ने एयरफोर्स स्टेशन के 100 मीटर के दायरे में कोई भवन निर्माण न होने के नियम का हवाला देते हुए उनकी दीवार के साथ बन रहे भवनों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। इसमें कुछ दिन जांच का ड्रामा करने के बाद अधिकारियों के दबाव में जांच को बंद कर दिया गया, जो सरेआम राष्ट्रीय चूक में उनकी लापरवाही को दर्शाता है।
नगर परिषद के उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई भी की जाएगी। माना जा रहा है कि अवैध तरीके से कई लोगों ने प्रथम मंजिल पर कमरे व कार्यालय बनाए हुए हैं। इन्हीं भवनों से एयरबेस के अंदर का दृश्य आसानी से देखा जा सकता है। इसलिए नगर परिषद ने उनकी सीमा में आने वाले सभी भवनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
अधिकारी के अनुसार
एयरफोर्स के सामने नगर परिषद की सीमा में एक बहुमंजिला भवन बन रहा है, जिसमें सरकारी बैंक है। उसे नोटिस जारी कर दिया गया है। जेई को निर्देश दिए हैं कि एयरफोर्स के सामने नगर परिषद की सीमा में चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के साथ नोटिस जारी करें। किन भवन मालिकों ने नक्शा पास करवाया है, किनका नक्शा पास नहीं है। सभी जांच की जाएगी। राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
-अनिल मोहिल, एमई, नगर परिषद।