माई सिटी रिपोर्टर
सिरसा। लोकतंत्र वहां मजबूत होता है, जहां की न्यायपालिका मजबूत हो, संविधान मजबूत हो, मीडिया मजबूत हो, लेकिन मौजूदा सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। विपक्ष को खत्म करने के लिए इस सरकार ने जो हथकंडे अपनाए, वो आज तक के इतिहास में किसी राजनीतिक दल ने नहीं अपनाए होंगे। उक्त बात राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम व टोंक विधानसभा क्षेत्र से विधायक सचिन पायलट ने रविवार को गांव रामपुरा ढिल्लो में सिरसा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए कही।
उन्होंने कहा कि 10 साल के कार्यकाल में इस सरकार ने कोई ऐसी नीति नहीं बनाई, जो जनहित में हो। किसानों को बर्बाद करने के लिए सरकार ने पूरी रणनीति तैयार की थी, लेकिन देश के जागरूक अन्नदाता ने सरकार की मंशाओं को भांपते हुए अपनी आवाज को बुलंद रखा। इसके कारण सरकार अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाई।
पायलट ने कहा कि हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाली सरकार ने नौकरी तो नहीं दी, लेकिन करोड़ों बेरोजगारों की फौज जरूर खड़ी कर दी। केंद्र सरकार ने विपक्ष को खत्म करने के लिए ईडी व सीबीआई जैसी सरकारी संस्थाओं का गैर जिम्मेदाराना तरीके से इस्तेमाल किया।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस सरकार में किसानों को एमएसपी की गारंटी होगी। कानून बनेगा तो तय रेट से कम किसान की फसल नहीं बिकेगी। महिला कांग्रेस महासचिव संतोष बैनीवाल ने भी 25 मई को ग्रामीणों से कांग्रेस के समर्थन मतदान करने की अपील की।