बच्चों को मिड डे मील देते अध्यापक।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शिक्षा निदेशालय की ओर से मिड डे मिल बनाने वाले कुक व विद्यार्थियों को मिलने वाली कुकिंग के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। विद्यार्थियों को फरवरी से अप्रैल की कुकिंग राशि व कुक को कुल तीन माह का मानदेय मिलेगा। विद्यार्थियों को अगस्त माह तक का सूखा राशन वितरण किया जा चुका है, जिसके चलते विभाग ने मई से अगस्त तक की भी कुकिंग राशि देने के लिए निदेशालय को पत्र लिखा है।
पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल बंद होने के चलते अगस्त माह तक सूखा राशन वितरित किया गया है। निदेशालय के आदेशों के अनुसार खाना पकाने के लिए खर्च होने वाली राशि के रूप में विद्यार्थियों के खाते में हर माह की राशि डाली जाएगी। जिसके चलते निदेशालय ने फरवरी से अप्रैल माह की कुकिंग राशि पहली से पांचवीं कक्षा तक के 61,387 विद्यार्थियों के लिए 1 करोड़ 81 लाख 81 हजार 690 रुपये की राशि व छठी से आठवीं कक्षा के 37,300 विद्यार्थियों के लिए 1 करोड़ व 61 लाख 39 हजार 115 रुपये की राशि जारी की है।
वहीं राजकीय स्कूलों में मिड डे मिल बनाने वाले कुक के लिए तीन माह का 1 करोड़ 94 लाख 25 हजार रुपये की राशि जारी हुई है। जिसमें से पहली से पांचवीं के 705 कुक के लिए 1 करोड़ 20 लाख 22 हजार 500 रुपये व छठी से आठवीं तक के 1146 कुक के लिए 74 लाख 25 रुपये की राशि जारी की है।
पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए जारी हुई कुकिंग राशि उनके खातों में डालने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही मिड डे मिल बनाने वाले कुक का भी 3 माह का मानदेय दिया जाएगा।
संजय मोंगा, कार्यक्रम अधिकारी, मिड डे मील, सिरसा।