कॉलोनी रोड रेलवे फाटक के पास बुधवार दोपहर बाद रेलवे भूमि में बैठकर कपड़े बेच रहे एक युवक को अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों द्वारा पीटने पर हंगामा हो गया। बेटे को बचाने के लिए महिला बीच में आई तो आरपीएफ इंस्पेक्टर ने उसके भी थप्पड़ जड़ दिया।
बाद में महिला ने ईंट मारकर इंस्पेक्टर का सिर फोड़ दिया। महिला ने पुलिस पर उसे, उसके बेटे और पति को हिरासत में लेकर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को कॉलोनी रोड रेलवे फाटक के नजदीक रेलवे भूमि पर संजय नामक युवक ने कपड़ों का अड्डा लगा रखा था।
दोपहर बाद वह अड्डे पर बैठा खाना खा रहा था। इसी दौरान सादी वर्दी में एक व्यक्ति वहां आया, उसने उसे पीटना शुरू कर दिया। इससे पहले संजय उससे खुद को छुड़वाता पुलिस की वर्दी में चार लोग वहां आ गए। वे भी संजय को पीटने लगे। संजय ने बताया कि उसे पिटता देख उसका पिता विजय तथा माता आशा रानी वहां आ गए।
उन दोनों ने उसे छुड़वाने का प्रयास किया लेकिन सादी वर्दी में आए व्यक्ति ने उसकी मां को भी थप्पड़ जड़ दिया। वह नीचे गिर गई। उसके पिता से भी मारपीट की। महिला आशा रानी ने बताया कि बाद में पुलिस मुलाजिमों ने उन तीनों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में भी उनसे मारपीट की गई।
पंद्रह वर्षों से लगा रहे हैं अड्डा
महिला आशा रानी ने आरोप लगाया कि वे पिछले पंद्रह वर्षों से रेलवे भूमि में अड्डा लगा रहे हैं। हनुमानगढ़ चौकी के पुलिस मुलाजिम बताकर कुछ लोग उनसे पैसे ले जाते हैं लेकिन अब इन लोगों ने अपनी हदें पार कर दी हैं। कुछ दिन पूर्व ही मुलाजिम पैसे लेकर गए हैं। आज फिर पैसों के लिए डबवाली आए थे।
पुलिस वाले आगे-आगे रिक्शा वाले पीछे
पुलिस मुलाजिमों ने कार्रवाई करते हुए उपरोक्त अड्डे से कपड़े उठाकर एक रिक्शा में रख लिए। मुलाजिम सामान को रेलवे प्लेटफार्म पर बनी अस्थायी चौकी में ले आए लेकिन जिस रिक्शा पर सामान लादकर लाए थे, उसका किराया अदा नहीं किया। रिक्शा चालक सोनू ने बताया कि जब पुलिस वालों से किराया मांगा तो जवाब मिला कि वे खुद गरीब हैं, किराया कहां से दें।
अतिक्रमण की शिकायत आई थी
इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि डीआरएम को शिकायत की गई थी कि रेलवे भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इस पर वे कार्रवाई करने के लिए आए थे। रेलवे भूमि पर एक युवक कपड़े बेच रहा था। उसने युवक को अपना अड्डा हटाने के लिए कहा। उपरोक्त तीनों उससे हाथापाई पर उतर आए, जिस पर महिला ने उनको थप्पड़ मारा। उनका सिर फोड़ दिया।