बस के आगे दीपक की बहन बेहोश हुई तो उसे संभालते हुए साथी।
- फोटो : Sirsa
शुक्रवार शाम को सिरसा क्लब के सामने डबवाली से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर लगने के बाद पीछे बैठा युवक नीचे गिर गया और उसका पैर बस के नीचे आ गया। बस के नीचे पैर आते ही वहां पर मौजूद लोगों ने बस को रोक लिया और रोड जाम कर दिया। युवक के परिजनों को इस बात का पता चला तो वे मौके पर पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब आधा घंटा सड़क पर जाम लगा रहा और परिजन हंगामा करते रहे। सिविल थाना पुलिस युवकों व बस को थाने में ले गई।
शाम साढ़े पांच बजे सिरसा क्लब के सामने डबवाली से आ रही रोडवेज बस ने सिरसा के वाल्मीकी चौक के रहने वाले अमन तथा दीपक की बाइक को टक्कर मार दी। जिस पर दोनों बाइक से नीचे गिर गए। गिरने के बाद चालक अमन के सिर में चोट लग गई। वहीं पीछे बैठे दीपक का पैर बस के आगे वाले टायर के नीचे आ गया। जिससे दीपक का पैर बुरी तरह कुचल गया। नीचे आते ही घटना स्थल पर हंगामा मच गया। मौका देख बस के चालक तथा परिचालक दोनों मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर लोगों को हुजूम लग गया और बस को बीच रास्ते में ही खड़ा कर दिया गया। बाल्मीकि चौक पर रहने वाले युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए और वहां पर बस के ऊपर चढ़कर रोडवेज कर्मचारियों का विरोध करने लगे। सूचना पाकर सिविल थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने मोहल्ले के युवकों को रास्ते खोलने तथा बस के आगे से हटने के को कहा पर युवक नहीं माने। भीड़ के कारण रोड पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कुछ ही समय के बाद मौके पर दीपक की बहन भी पहुंच गई। भीड़ तथा बस के टायर पर लगे खून को देखकर वह जोर-जोर से रोने लगी और बेहोश हो गई। कुछ समय बाद जब उसे होश आया तो उसके भाई से उसे मिलवाया गया। युवकों ने कार्रवाई की मांग करते हुए रोड जाम नहीं खोला। पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद मोहल्ले के युवक बस के आगे से हटे तथा पुलिस कर्मचारी ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए बस को सिविल थाने में पहुंचा दिया। आश्वासन पाकर युवकों ने 50 मिनट बाद रोड को खोल दिया और चालक व परिचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।