उखड़े पत्थरों और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही के लगाए आरोप
फोटो - 35, 36 38, 39,41,42 ,
गुरप्रेम सिंह दंदीवाल
रोड़ी। रोड़ी गांव में पीडब्ल्यूडी की ओर से शुरू किया गया सड़क चौड़ीकरण कार्य पिछले दो महीनों से अधर में है। इस कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नवंबर 2025 में रोड़ी से जटानां कलां सड़क को 12 फीट से बढ़ाकर 18 फीट चौड़ा करने के उद्देश्य से कार्य शुरू किया गया था। शुरुआत में विभाग ने सड़क पर पत्थर डालकर उस पर आंशिक रूप से तारकोल बिछाया लेकिन इसके बाद काम को अधूरा छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी सड़क के कारण हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं। लगातार वाहनों की आवाजाही से सड़क पर डाले गए पत्थर उखड़ने लगे हैं जिससे जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे न केवल सफर असुविधाजनक हो गया है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब दो वाहन आमने-सामने से गुजरते हैं तो आगे चल रहे वाहन के टायरों से उछलकर पत्थर पीछे आ रहे वाहन चालकों को लगते हैं जो गंभीर हादसे का कारण बनते हैं। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार पीडब्ल्यूडी से संपर्क किया गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पिछले 15 दिनों से विभाग के जेई रवि से संपर्क साधा गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। संवाद
कोटस
जब सड़क का काम शुरू हुआ था तो लोगों में उम्मीद जगी थी कि सुविधा बेहतर होगी लेकिन अब हालात पहले से भी बदतर हो गए हैं। धूल, गड्ढे और उखड़े पत्थर रोजाना की परेशानी बन चुके हैं। प्रशासन को तुरंत ध्यान देकर इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
-ग्रामीण हरदीप सिंह, रोड़ी।
विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क की गई। फोन तक नहीं उठाया जा रहा है। इससे लोगों में निराशा बढ़ रही है। अगर जल्द ही काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों को मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
-ग्रामीण मेजर सिंह, रोड़ी।
सड़क का अधूरा निर्माण लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। रोजाना यहां से गुजरना जोखिम भरा हो चुका है क्योंकि उखड़े पत्थर वाहनों से टकराकर चोट पहुंचाते हैं। विभाग की इस लापरवाही से जाहिर होता है कि आम लोगों की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
-ग्रामीण सीरा सिंह, रोड़ी।
पिछले दो महीनों से सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। गड्ढों और पत्थरों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। कई बार छोटे हादसे भी हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद विभाग ने काम दोबारा शुरू नहीं किया। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
- ग्रामीण जगदीश सिंह, रोड़ी।
वर्जन
मैं छुट्टी पर हूं। मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है। मैं तत्काल प्रभाव से संज्ञान लेते हुए संबंधित जेई व ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देता हूं।
- कमलदीप राणा, एक्सईन, लोक निर्माण विभाग प्रथम, डबवाली।