सिरसा। रोडवेज परिसर में खड़ी रोड़वेज की बसें। संवाद
सिरसा। आमजन की सुविधा के लिए शुरू की गई सिरसा से कटड़ा और श्री अमृतसर साहिब तक की रोडवेज बस सेवाएं अब बंद होने की कगार पर हैं। सवारियों की कमी के चलते विभाग को इन दोनों रूटों पर भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। विभाग की ओर से संकेत मिले हैं कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जल्द ही इन बसों का संचालन बंद किया जा सकता है।
दरअसल, रोडवेज को हर महीने सवारी कम होने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा रहा था। इन बसों में लगभग 50 प्रतिशत सवारियां ही सफर कर रहीं थी। हालांकि, फिलहाल किसी ठोस निर्णय तक पहुंचने तक बस सेवा जारी रहेगी। दरअसल, करीब नौ माह पहले सिरसा से कटड़ा तक बस सेवा शुरू की गई थी, जबकि छह माह पहले सिरसा से श्री अमृतसर साहिब तक बस चलाने की पहल की गई थी।
अपेक्षित सवारियां न मिलने के कारण रोडवेज को लगातार घाटा उठाना पड़ रहा है। सिरसा डिपो से इन दोनों रूटों पर रोजाना दो-दो बसें चलाई जाती हैं। इसी तरह वापसी में भी दो बसें सिरसा पहुंचती हैं। रोडवेज के अनुसार, एक किलोमीटर चलाने पर औसतन 26 रुपये प्रति किमी की लागत आती है, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने से यह खर्च पूरा नहीं हो पा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि बस सेवाएं आमजन की मांग पर शुरू की गई थीं, लेकिन अपेक्षित समर्थन न मिलने से अब विभाग आर्थिक दबाव में है। जल्द ही स्थिति की समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरसा से धार्मिक स्थलों तक की बसें श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत थीं, लेकिन अगर ये सेवाएं बंद होती हैं तो यात्रियों को निजी वाहनों या ट्रेवल एजेंसियों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
-
रोडवेज बस को प्रति किलोमीटर 26 रुपये के अनुसार लागत आती है, उसमें 13 रुपये प्रति किलोमीटर का नुकसान झेलना पड़ रहा है। इससे रोडवेज विभाग को इन दोनों रूटों पर नुकसान हो रहा है। इसके चलते इन दोनों रूटों पर बसें बंद की जा सकती हैं। -
सुधीर कुमार, ट्रैफिक इंचार्ज, रोडवेज, सिरसा।