सिरसा। जी 20 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के कारण सभी रोडवेज और निजी बसें व निजी वाहन दिल्ली नहीं जा पाए। अब रोडवेज की सभी बसें बहादुरगढ़ तक ही यात्रियों को पहुंचाएंगी। जिसके बाद यात्रियों को अन्य वाहनों का सहारा लेकर सफर करना पड़ेगा। वहीं निजी व किराये के वाहनों को भी दिल्ली में पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिसके चलते तीन दिनों तक आवाजाही प्रभावित होगी।
सम्मेलन को लेकर केंद्र सरकार ने 8 से लेकर 10 सितंबर तक रोडवेज बसों की दिल्ली में एंट्री बंद कर दी है। वहीं कैब व अन्य किराये के साधन भी अपनी सुविधा नहीं दे पाएंगे। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को होगी, जो अपने काम के सिलसिले में दिल्ली प्रतिदिन आवागमन करते हैं। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर रोडवेज डिपो ने भी फैसला लिया है कि 8 से 10 सितंबर तक दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों को बहादुरगढ़ तक ही भेजें, जिससे यात्री बहादुरगढ़ से आगे मेट्रो या दिल्ली बसों का सहारा लेकर जा पाएंगे। बता दें कि सिरसा से दिल्ली के लिए हर रोज 15 बसों का संचालन होता है।
कपड़ा, फल और सब्जी विक्रेता भी होंगे प्रभावित
दिल्ली में रविवार के दिन सबसे ज्यादा कपड़ा व्यापारी कपड़ा खरीदने के लिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त फल व सब्जियां भी दिल्ली से आती हैं। जो हिसार मंडी में आती है और हिसार से सिरसा सप्लाई की जाती है। ऐसे में इनके दामों में इजाफा हो सकता है। इतना ही नहीं, मोबाइल व अन्य प्लास्टिक का सामान खरीदने के लिए रेल के माध्यम से सिरसा व अन्य साथ लगते एरिया से जाते थे। ये सभी व्यापारी रविवार तक ट्रेन के माध्यम से नहीं जा पाएंगे।
सिरसा से दिल्ली तक जाने वाली छह ट्रेनें भी रहेंगी रद्द
वहीं सिरसा से दिल्ली के लिए जाने वाली किसान एक्सप्रेस, मेरठ गंगानगर, गंगानगर दिल्ली, बठिंडा- दिल्ली, गोरखधाम एक्सप्रेस सहित अन्य सभी ट्रेनें दो दिनों तक रद्द रहेंगी। जिसके कारण यात्रियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जी 20 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर 8 से 10 सितंबर तक रोडवेज बसों की दिल्ली में एंट्री नहीं होगी। इसको लेकर दिल्ली जाने वाली बसों को बहादुरगढ़ तक ही भेजा जाएगा। वहां से ही बसोंं की सिरसा के लिए वापसी होगी।
शेर सिंह, जीएम सिरसा डिपो।