रानियां। गांव बाहिया के समीप सिरसा डिपो की एक रोडवेज बस मोटरसाइकिल सवार को बचाने में मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार किसी यात्री और मोटरसाइकिल चालक के चोट नहीं लगी।
सुबह करीब 8 बजे हरियाणा रोडवेज की एक बस गांव बणी से अपना पहला रूट लेकर सिरसा की ओर जा रही थी। इस दौरान गांव बाहिया से निकलते ही ढुडियांवाली रोड के साथ बने पेट्रोल पंप के समीप पहुंची तो बस के आगे जा रहे मोटरसाइकिल चालक ने अपनी बाइक अचानक पेट्रोल पंप की ओर मोड़ दी।
बस चालक ने अपने अनुभव व सूझबूझ से मोटरसाइकिल को बचाते हुए पंप की ओर मोड़ते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाया। इसमें बस पंप के खंभे से जा टकराई और सामने से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में पंप का खंभा, स्ट्रीट लाइट व बस क्षतिग्रस्त हुई लेकिन किसी भी यात्री और मोटरसाइकिल चालक को चोट नहीं लगी। दुर्घटना के समय बस सवार लोगों और ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
बाइक चालक ने गलती स्वीकार की और माफी मांगी। रोडवेज चालक व परिचालक ने मोटरसाइकिल चालक को समझाया और बस सवार लोगों ने बस चालक की सूझबूझ की सराहना की।