भूटान में संपन्न हुई रिंग बाल प्रतियोगिता में भारतीय महिला रिंग बाल टीम ने कप्तान मोचीवाली गांव की साक्षी मईया के नेतृत्व में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भारतीय टीम कोच कृष्ण कुमार ने बताया कि भूटान में खेलों गए सात मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम ने पांच मैच व भूटान की टीम ने दो मैच जीते।
उन्होंने बताया कि एक से तीन फरवरी तक चली मैचों की श्रृंखला में भारतीय रिंग बाल टीम में कप्तान मोचीवाली निवासी साक्षी मईया के अलावा साक्षी बुरड़क डिंग मंडी, डिंपल शर्मा डिंग मंडी, अंजू गोदारा बोदीवाली, मौसम रेवाड़ी, ऋतंभरा जम्मू एंड कश्मीर, आशिमा महाराष्ट्र, यशश्री महाराष्ट्र, प्रियंका महाराष्ट्र, जैसमिन गोवा शामिल थे। भारतीय टीम के स्वर्ण पदक जीतते ही मोचीवाली गांव के अलावा डिंग मंडी कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई। कोच कृष्ण कुमार, विजेता खिलाड़ियों व उनके परिवार को बधाई देने वालों को तांता लग गया।
साक्षी मईया नेपाल में जुलाई 2017 को होने वाले विश्व खेल व 2018 में इटली में होने वाली विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का नेतृत्व करेगी। गोल्ड मेडलिस्ट भारतीय रिंग बाल टीम व कोच कृष्ण कुमार को रिंग बाल फेडरेशन के जनरल सेकट्री प्रदीप गिरि, प्रधान मुकेश कुमार व जिला प्रधान डॉ महेंद्र पूनियां ने बधाई देते हुए कहा कि आज के युग में बेटी भी किसी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है।
कमला बैनीवाल व सरपंच सरोज खलेरी ने कहा कि रिंग बाल में गोल्ड मेडल लाने पर कप्तान साक्षी मईया के अलावा सभी खिलाड़ियों व कोच कृष्ण कुमार को सम्मानित किया जाएगा।