फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: रिटायर्ड महिला टीचर को कार ने मारी टक्कर, चालक भागा

विज्ञापन
विज्ञापन
सिरसा। सदर बाजार में एक दर्दनाक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड महिला टीचर को रिट्ज कार के चालक ने टक्कर मार दी और हादसे के बाद मौके से भाग गया। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसके दोनों पांव फ्रैक्चर हो गए हैं। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। घायल महिला वार्ड 17 निवासी सुमन देवी सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं।
विज्ञापन




पीड़िता सुमन देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घरेलू सामान लेने के लिए सदर बाजार स्थित चंदन बेकरी जा रही थीं। जब वह सदर बाजार में एक मेडिकल शॉप के सामने सड़क पार कर रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं और कार चालक बिना रुके मौके से भाग गया।

हादसे के बाद पास में ही दुकान चलाने वाले मास्टर मदन के बेटे मनीष ने महिला के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद महिला के बेटे निपुण उन्हें घर ले गए और प्राथमिक उपचार करवाया गया। हालांकि पांव में ज्यादा सूजन और दर्द बढ़ने पर उन्हें डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
विज्ञापन




दोनों पांव में फ्रैक्चर, एक का ऑपरेशन

अस्पताल में एक्स-रे करवाने पर महिला के दोनों पांव में फ्रैक्चर पाया गया। डॉक्टरों ने एक पांव का ऑपरेशन कर दिया है, जबकि दूसरे पांव का ऑपरेशन किए जाने की तैयारी है। गंभीर चोटों के कारण महिला कुछ समय तक बयान देने की स्थिति में नहीं थीं। शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें कार चालक महिला को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहा है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें