सिरसा। नियम 134 ए की 5 दिसंबर को असेसमेंट परीक्षा को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। कक्षा दूसरी से 9वीं तक के 1654 विद्यार्थी परीक्षा देने जिले में बनाए गए 9 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। वहीं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की 10वीं कक्षा में प्राप्त नंबरों के आधार पर ही मेरिट बनेगी।
नियम 134ए को लेकर जिले के 2086 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। जिसमें से गैर सरकारी स्कूलों के 1654 विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए रविवार को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। परीक्षा के लिए जिला सिरसा में तीन व अन्य खंडों में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का होगा। आवेदन पत्र को ही परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र के रूप में माना जाएगा। आवेदन को सत्यापित करने के लिए विद्यार्थी के पास कोई भी आईडी प्रूफ होना चाहिए जिसमें उसकी रंगीन फोटो हो।
यह रहेगा परीक्षा के आगे का शेड्यूल
असेसमेंट परीक्षा का परिणाम 10 दिसंबर को जारी किया जाएगा। स्कूलों के लिए पहला ड्रॉ 13 दिसंबर को निकलेगा और 15 से 24 दिसंबर तक ड्रॉ में आए विद्यार्थी स्कूलों में दाखिला ले सकेंगे। जिसके बाद ही दूसरी सूची ड्रॉ निकालने की सूचना प्रकाशित की जाएगी।
यह बने है 9 परीक्षा केंद्र
-- राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रानियां
-- राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ओढ़ा
-- राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथूसरी चोपटा
-- राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डबवाली
-- राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बड़ागुढ़ा
-- राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरसा
-- राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मेला ग्राउंड सिरसा
-- राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खैरपुर
यह है परीक्षार्थियों के लिए हिदायतें
-- परीक्षा के दौरान विद्यार्थी को वैध फोटो आईडी प्रमाण पत्र लाना होगा।
-- पंजीकरण फार्म की एक प्रति
-- परीक्षा के लिए एक पेंसिल व पेन
-- विद्यार्थी को अपने पंजीकरण फॉर्म की एक प्रति नियम 134ए के वेब पोर्टल से डाउनलोड कर लानी है।
-- विद्यार्थी को परीक्षा केंद्र पर 15 मिनट पहले पहुंचना होगा।
विद्यार्थी पंजीकरण फार्म पर अपना परीक्षा केंद्र देखकर निर्धारित समय पर वहां पहुंचे। पंजीकरण फार्म ही रोल नंबर होगा, जिसकी फोटोकॉपी करवा साथ लाना होगा।
--आत्मप्रकाश, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सिरसा।