सिरसा। सी-विजिल एप पर हरियाणा में सबसे अधिक शिकायतें सिरसा जिले से ही आई हैं। शिकायतों का निपटान भी तुरंत किया जा रहा है। अब तक जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर एप पर 840 शिकायतें आ चुकी हैं, शिकायतों का समय पर निपटान भी हो रहा है। सबसे अधिक शिकायतें बैनरों व होर्डिंग्स की ही आई हैं, जिनको शिकायत मिलने के बाद समय पर ही प्रशासन द्वारा हटवाया गया है।
इस बार चुनाव आयोग ने चुनाव के दौरान हो रही अनियमितताओं व गड़बड़ी को लेकर सी विजिल एप लांच की थी। इस एप पर सिरसा संसदीय क्षेत्र से लगातार शिकायतें आ रही हैं। शिकायतों का शुमार यह है कि सबसे अधिक शिकायतें पार्टियों के अवैध रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग व बैनरों की है। शिकायतों के आधार पर उनका तुरंत निपटान भी संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
बच्चे ने भेज दी सेल्फी
चोपटा क्षेत्र के एक बच्चे ने सेल्फी भेजकर सी विजिल एप पर डाउनलोड कर दी। बच्चे की शिकायत आने पर टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि बच्चे ने बेवजह यह सेल्फी भेजी थी। अभी तक किसी भी क्षेत्र में किसी राजनीतिक पार्टी द्वारा मतदाताओं को शराब परोसने व पैसे देने की शिकायत सी विजिल एप पर नहीं आई है। हालांकि सी विजिल एप पर प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी नजर है और शिकायत आते ही तुरंत एक्शन लिया जा रहा है।
प्रदेश में शिकायतों के मामले में नंबर-1 पर सिरसा
पूरे प्रदेश में सी विजिल एप पर शिकायतों के मामले में सिरसा नंबर-1 पर बना हुआ है। जिले में सर्वाधिक 830 शिकायतें सी-विजिल पर आ चुकी हैं। अधिकतर शिकायतें पार्टियों के बैनरों व होर्डिंग्स को लेकर हैं, जिनको टीम जाकर हटा रही है। प्रशासन की ओर से होर्डिंग व बैनर लगाने के लिए जगह निर्धारित की गई है। जगह निर्धारण के अलावा कहीं अगर होर्डिंग या बैनर लगे हैं, तो उनको हटाया जा रहा है।
सी-विजिल एप पर जो भी शिकायतें आती हैं, उनका तुरंत समाधान किया जा रहा है। कई शिकायतें गलत भी मिलती हैं, लेकिन जो भी शिकायत एप पर आती हैं, उसका तुरंत समाधान किया जा रहा है। अब तक आई सभी शिकायतों का निपटान किया जा चुका है। -डॉ. सुखदेव कंबोज, उपनिदेशक, कृषि विभाग सिरसा एवं नोडल ऑफिसर, सी-विजिल एप।