राखियों से सजीं दुकानें, बच्चों के लिए कार्टून व आकर्षक डिजाइनों वाली राखियों की मांग
फोटो 46,47,48
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रक्षाबंधन पर्व पर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व से एक दिन पहले वीरवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचीं। राखी, मिठाई, कपड़े, उपहार और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली।
दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की राखियों और आकर्षक उपहारों का पर्याप्त स्टॉक मंगवाया है। मुख्य बाजारों में राखियों की दुकानें रंग-बिरंगी झालरों और विभिन्न डिजाइनों से सजी नजर आईं।
साधारण धागे वाली राखियों से लेकर मोती, रुद्राक्ष, चंदन, कार्टून पात्रों और अन्य आकर्षक डिजाइनों वाली राखियां बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रही हैं। छोटी बच्चियों के लिए रंग-बिरंगी और हल्की राखियों के साथ युवाओं के लिए आकर्षक एवं सादे डिजाइन भी उपलब्ध हैं।
कुछ दुकानदारों ने भाई-बहन के लिए राखी के साथ उपहार पैक भी तैयार किए हैं। महिलाओं ने भाइयों के लिए राखी के साथ मिठाई, कपड़े और अन्य उपहारों की खरीदारी की। बाजार में मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ी रही।
दुकानदारों का कहना है कि रक्षाबंधन से पहले खरीदारी में तेजी आई है और शाम के समय बाजारों में अधिक भीड़ रहने की संभावना है।
कचरे के कारण उठानी पड़ रही परेशानी
व्पारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सफाई व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है। उन्होंने नगर परिषद से बाजारों में नियमित सफाई कराने और जमा कचरे को तत्काल उठवाने की मांग की है ताकि पर्व के दौरान लोगों को परेशानी न हो। त्योहारी खरीदारी के कारण बाजारों में देर शाम तक चहल-पहल रहने की उम्मीद है। दुकानदारों को भी रक्षाबंधन पर कारोबार में बढ़ोतरी की उम्मीद है।