चोपटा। बीमा क्लेम व मुआवजे की मांग को लेकर तहसील कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों का धरना जारी है। सोमवार को किसान-मजदूर रैली का आयोजन होगा, इसमें भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत धरने पर पहुंचेंगे। राकेश टिकैत के आगमन को लेकर तहसील परिसर में बड़ा पंडाल लगाया गया है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव अमन बैनीवाल, जिला अध्यक्ष भरत सिंह झाझड़ा ने बताया कि राकेश टिकैत सोमवार को धरने में शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे। उनके साथ किसान नेता रवि आजाद, रतन मान सहित देश के कई किसान नेता पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए गांव-गांव में जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया गया है। धरना स्थल पर हजारों की संख्या में किसान, मजदूर व महिलाएं पहुंचेंगे, जिसको लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सरकार द्वारा मांगों को नहीं मानने की स्थिति में रैली में कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा।