सिरसा। गांव मोचीवाली की राजेश्वरी ने नेशनल ग्रेपलिंग रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीता है। इस शानदार उपलब्धि से उसने गांव और जिले का नाम रोशन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने वीरवार को उनका भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया।
ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ राजेश्वरी का जोरदार स्वागत किया। समारोह में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, उनके पुत्र मनीष सिंगला और पौत्र लक्ष्य सिंगला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रो. गणेशी लाल ने राजेश्वरी को सम्मानित करते हुए उसकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजेश्वरी की सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने राजेश्वरी को 11 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।