अब बरानी जमीन पर ग्वार-बाजरे की बुवाई कर पाएंगे किसान
फोटो 17 से 20
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में मानसून की दस्तक के साथ शुक्रवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दोपहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बारिश के बाद घटकर 37 डिग्री रह गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक आसमान में बादल छाए रहने व कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
शाम करीब चार बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके बाद करीब साढ़े चार बजे सिरसा शहर में लगभग 20 मिनट तक बारिश हुई। बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। चोपटा क्षेत्र के कई गांवों में हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई।
लंबे समय से नहरी पानी की कमी के कारण बरानी भूमि पर ग्वार व बाजरे की बिजाई नहीं हो पा रही थी। किसानों महेंद्र सिंह, सुभाष, जगदीश व विकास कुमार ने बताया कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे अब ग्वार और बाजरे की बुवाई शुरू की जा सकेगी। साथ ही जिले में करीब 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी नरमा और कपास की फसल को भी इस बारिश से लाभ मिलेगा।
रोड़ी में बारिश से हुआ जलभराव
उधर, रोड़ी क्षेत्र में भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। पहले तेज धूल भरी आंधी चली जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता प्रभावित हुई। इसके बाद करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से सड़कों और गलियों में पानी भर गया, जबकि खेतों में नमी बढ़ने से किसानों ने राहत की सांस ली।