पार्सल नेटवर्क के जरिए हो रही थी सिरसा में नशीली गोलियां की सप्लाई
खुलासा-चंडीगढ़ का ऑफिस तीन माह पहले खाली कर चुकी थी कंपनी
फोटो 14
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नशे में इस्तेमाल होने वाली दवा की 3.6 लाख गोलियां बरामद होने के मामले में दवा कंपनी के बिल व दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी एशमुन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी कंपनी चंडीगढ़ स्थित अपना ऑफिस तीन माह पहले खाली कर चुकी थी।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि नशीली गोलियों की यह खेप पंजाब के बठिंडा से पार्सल के माध्यम से सिरसा लाई गई थी। पुलिस ने पार्सलों से भरी पिकअप गाड़ी में सवार दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान दवा से जुड़े फर्जी बिल व दस्तावेज भी सामने आए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और संबंधित कंपनी की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम 8 जुलाई को जगदेव सिंह चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सांगवान चौकी की ओर से पार्सलों से लदी एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने पिकअप को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपनी पहचान राजपाल निवासी सिरसा बताई जबकि साथ बैठे युवक ने अपनी पहचान भरत कुमार निवासी पंडितों की ढाणी, प्रेम नगर सिरसा के रूप में बताई।
पूछताछ में भरत कुमार ने बताया कि उसकी बठिंडा की लॉटरी मार्केट में माईकल पार्सल सर्विस के नाम से दुकान है। वहां विभिन्न ग्राहकों के पार्सल जमा किए जाते हैं जिन्हें वह पिकअप के माध्यम से सिरसा स्थित एमसी मार्केट की दुकान तक पहुंचाता है। इसके बाद रिक्शों के जरिये संबंधित लोगों को पार्सल वितरित किए जाते हैं। पार्सलों पर संदेह होने पर पुलिस ने औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया। जांच के दौरान 10 बॉक्स खोले गए जिनमें से नशे में इस्तेमाल होने वाली करीब 3 लाख 6 हजार गोलियां बरामद हुईं।
एसपी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों से दवाइयों के लाइसेंस व अन्य वैध दस्तावेज मांगे लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों आरोपियों को बरामद दवाइयों सहित आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया। इस मामले में आरोपियों के पास से संत मेडिकल स्टोर मतड़ व नारंग मेडिकल स्टोर के नाम का बिल मिला है। दोनों के संचालकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
दवाइयों की पैकिंग में मिलीं कई अनियमितताएं
एसपी ने बताया कि जांच में एशमुन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से जारी बिलों व दवाइयों की पैकिंग में कई अनियमितताएं मिलीं। प्रारंभिक जांच में बिल फर्जी पाए जाने पर थाना शहर सिरसा में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने व अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बठिंडा व चंडीगढ़ जाकर की जांच
एसपी ने बताया कि एएसपी आदर्श दीप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने बठिंडा व चंडीगढ़ में भी जांच की। जांच में पता चला कि कंपनी का पंजीकृत कार्यालय चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में दर्ज है लेकिन स्थानीय लोगों ने बताया कि कंपनी करीब तीन महीने पहले ही वहां से अपना कार्यालय खाली कर चुकी है। पुलिस अब कंपनी की भूमिका और पूरे सप्लाई नेटवर्क की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
पंजाब ड्रग कंट्रोलर विभाग ने सहयोग का दिया आश्वासन
एएसपी आदर्शदीप सिंह ने बठिंडा पहुंचकर इस मामले से पंजाब ड्रग कंट्रोलर विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया है। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि नशे में इस्तेमाल होने वाली दवा की गोलियों की सप्लाई पंजाब से सिरसा में हो रही है। अधिकारियों ने एएसपी को विश्वास दिया कि वे इस मामले में सिरसा पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।