संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर में सोमवार को खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटखोरी पर नकेल कसने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। जैसे ही टीम के पहुंचने की सूचना फैली, दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम देखकर कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव छाबड़ा अपनी टीम के साथ शहर में विभिन्न डेयरियों और खाद्य सामग्री की दुकानों पर पहुंचे। इस दौरान करीब 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया और दुकानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।
डॉ. गौरव छाबड़ा ने बताया कि टीम ने कीरत डेयरी, यादव डेयरी, बंसल मिल्क सेंटर, गोयल दूध केंद्र सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां से पनीर, खुला मक्खन, दूध, दही, क्रीम, घी और मिक्स दूध के नमूने एकत्रित किए गए। इसके अलावा गार्गी तेल सेंटर से खाद्य तेल के सैंपल भी लिए गए।
डॉ. गौरव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक डेयरी संचालक प्रेमी देसी घी भंडार टीम को देखते ही शटर बंद कर मौके से भाग निकला। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, जांच के दौरान एफएसएसएआई लाइसेंस के अभाव में पंजाब से आए दो खाली दूध टैंकरों को चेतावनी देकर वापस भेज दिया गया।