एसएसबी जवान के साथ सुबह पांच बजे 8 गाड़ियों में सवार होकर सिरसा पहुंचे आयकर अधिकारी
सुबह से रात तक चली कार्रवाई, जीएसटी अनियमितताओं हुई जांच
शहर के व्यापारियों में मचा हड़कंप
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। आयकर विभाग की आठ टीमों ने वीरवार तड़के शहर के कई व्यापारियों के ठिकानों पर दबिश दी। इससे व्यापारियों में खलबली मच गई। कार्रवाई सुबह से लेकर रात तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की संयुक्त निदेशक अमिता शर्मा के नेतृत्व में सुबह करीब पांच बजे आयकर विभाग की टीमें सिरसा पहुंचीं। सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल के जवान टीम के साथ थे। टीम ने भादरा बाजार, नोहरिया बाजार, परमार्थ कॉलोनी, कल्याण नगर, बी ब्लॉक व जनता भवन रोड सहित आठ स्थानों पर दबिश दी।
आयकर विभाग की टीम सबसे पहले भादरा बाजार स्थित चीनी व्यापारी सुभाष गोयल के निवास पर पहुंची। इसके बाद आयकर अधिकारियों ने मुख्य गेट बंद कर जांच शुरू कर दी। नोहरिया बाजार की मस्जिद वाली गली में कारोबारी ललित गोयल व कल्याण नगर गली नंबर पांच में सुशील साहूवाला के निवास पर आयकर विभाग की टीम पहुंची। अधिकारी सुबह से लेकर रात तक पूछताछ व कारोबार से जुड़े दस्तावेज की जांच में लगे रहे।
सूत्रों के अनुसार, इन व्यापारियों का दिल्ली सहित हरियाणा के कई जिलों में कारोबार है। आयकर विभाग की टीमों ने जीएसटी अनियमितताओं की जांच के लिए यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने किसी से कोई बात नहीं की। इस मामले में आयकर विभाग सिरसा के डिप्टी कमिश्नर आईआरएस अजय कुमार ने बताया कि वे उक्त कार्रवाई के संबंध में अभी कुछ नहीं बता सकते।
दिनभर होती रही चर्चा
इस कार्रवाई को लेकर शहर में दिनभर चर्चा होती रही। कुछ लोग इसे फर्जी फर्म से जोड़कर देख रहे थे जबकि कुछ इसे सट्टे के कारोबार से जोड़कर समझते रहे।
घर का हर कोना खंगाल डाला
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने अलसुबह व्यापारी के घर दबिश इसलिए दी ताकि रिकॉर्ड इधर-उधर करने का समय न मिले। दबिश के समय व्यापारी सो रहे थे। आधुनिक हथियारों से लैस जवानों व अधिकारियों ने जब गेट खटखटाया तब पता चला कि आयकर विभाग की रेड पड़ी है। इसके बाद अधिकारियों ने मेन गेट बंद कर अंदर जांच शुरू कर दी। कमरे, रसोई, बेडरूम, अलमारी, बाथरूम व स्टोर सहित घर का हर कोना खंगाला गया।