मेडिकल नशे की बिक्री के लिए बदनाम त्रिवेणी शहर में वीरवार को फूड एवं ड्रग कंट्रोल विभाग हरियाणा की टीम ने डेरा डाले रखा। दनादन दवाइयों की 11 दुकानें खंगाल डालीं। एक दुकान से नशे में प्रयुक्त होने वाली 40 हजार गोलियां तथा 49 इंजेक्शन बरामद किए। टीम ने दुकान को सील कर दिया।
डबवाली स्थित केमिस्ट शॉप पर नशे की बिक्री होने की सूचना पाकर फूड एंड ड्रग विभाग की टीम वीरवार सुबह सीनियर ड्रग कंट्रोलर गुडग़ांव पदम राठी, सीनियर ड्रग कंट्रोलर हिसार करण सिंह, सीनियर ड्रग कंट्रोलर रोहतक राकेश दहिया, हेड ऑफिस पंचकूला से डीसीओ पूजा चौधरी, डीसीओ सिरसा संदीप कुमार, डीसीओ गुड़गांव अमनदीप चौहान, डीसीओ भिवानी संदीप हुड्डा, डीसीओ सोनीपत प्रवीण कुमार के नेतृत्व में डबवाली पहुंची।
सीआईए डबवाली प्रभारी संदीप कुमार तथा स्टाफ के साथ मिलकर शहर में दवाइयों की 11 दुकानों पर छापेमारी की। मलोट रोड स्थित जन्नत फार्मा पर डीसीओ संदीप कुमार की टीम को नशे में प्रयुक्त होने वाली 40 हजार गोलियां तथा 49 इंजेक्शन बरामद हुए। टीम ने उपरोक्त मेडिकल शॉप को सील कर दिया। उपरोक्त टीम ने सभी मेडिकल शॉप से संदिग्ध दवाइयों के 18 सैंपल भरे। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। टीम देर शाम तक शहर में रही। इस दौरान केमिस्ट शॉप संचालकों में भगदड़ मची रही। कई केमिस्ट संचालक तो दुकानों के शटर डाउन करके निकल गए।
छापे पर विवाद का साया
फूड एंड ड्रग विभाग के हेड ऑफिस से आई टीम की जांच एक बार फिर सवालों में घिर गई है। टीम ने ऐसी केमिस्ट शॉप से दूरी बनाए रखी, जो नशा बेचने में खूब नाम कमा रही हैं। टीमों के उन दुकानों पर न पहुंचने से कई सवाल पैदा हो गए हैं?
कालांवाली तथा डबवाली में स्थित केमिस्ट शॉप पर नशा बिकने की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। इसी कड़ी में छापेमारी की गई है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जन्नत फार्मा से नशे में प्रयुक्त होने वाली दवा बरामद हुई है। दुकान सील कर दी गई है। आगामी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है।
-संदीप कुमार, डीसीओ, सिरसा