रोड़ी में मिठाइयों के सैंपल लेते के बाद रिकॉर्ड जांचते अधिकारी।
रोड़ी। त्योहारों के सीजन में मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने वीरवार शाम रोड़ी में छापा मारा। टीम ने मिठाई की दुकानों और डेयरियों से खोया, पनीर व विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लिए। वहीं कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री की खरीद और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मांगे गए।
कार्रवाई के दौरान सीएम फ्लाइंग की ओर से एसआई राजेश कुमार तथा फूड सेफ्टी विभाग की ओर से फूड सेफ्टी अधिकारी सुनील विश्नोई और असिस्टेंट रोहताश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम ने हरि ओम बीकानेर मिष्ठान भंडार, वर्मा स्वीट्स और कन्हैया रसगुल्ला भंडार पर जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव की पड़ताल की। खोया, पनीर और मिठाइयों के नमूने एकत्रित किए गए। साथ ही दुकानदारों और डेयरी संचालकों से खाद्य सामग्री की खरीद से जुड़े रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा गया। टीम ने यह भी जांचा कि प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा संबंधी जरूरी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं और डेयरी संचालकों में हलचल रही। अधिकारियों के अनुसार, एकत्रित नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।