सिरसा। जिले में डीएपी खाद की कमी से परेशान किसानों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। डीएपी खाद नहीं मिलने से परेशान होकर शुक्रवार को गुस्साए किसानों ने डबवाली रोड पर जाम लगा दिया। किसानों ने करीब एक घंटे बाद क्वालिटी कंट्रोलर के आश्वासन पर जाम खोल दिया।
वहीं किसानों द्वारा रोड जाम किए जाने के बाद दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने रूट डायवर्ट कर जाम में फंसे वाहनों को निकाला। पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। किसानों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एक घंटे बाद कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोलर अमित वर्मा किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों से कहा कि रविवार को सिरसा में उचित मात्रा में डीएपी खाद पहुंच जाएगी। इसके बाद किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद का वितरण किया जाएगा।
इस दौरान क्वालिटी कंट्रोलर अमित वर्मा ने प्रदर्शनकारी करीब 90 किसानों को शांत करने के लिए उनकी लिस्ट बनाई और आश्वासन दिया कि रविवार को उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध करवा दी जाएगी। कृषि अधिकारी द्वारा लिस्ट में नाम दर्ज किए जाने के बाद प्रदर्शनकारी किसान शांत हो गए और उन्होंने जाम खोल दिया। इसके बाद प्रशासन व वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
-
खाद के लिए कई दिनों से दर-दर भटक रहे हैं किसान
बता दें कि जिले के किसान डीएपी खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें मिल नहीं पा रही है। इस कारण तीन बार पहले भी किसानों का प्रशासन के गुस्सा फुट चुका है और वे रोड जाम कर चुके हैं। 12 नवंबर को भी नाराज किसानों ने डबवाली रोड पर जाम लगा दिया था। दो घंटे जाम लगाने के बाद मौके पर पहुंचे कृषि अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 13 को डीएपी खाद उपलब्ध करा दी जाएगी, लेकिन अगले दिन भी किसानों को खाद नहीं मिली।
बिजाई में देरी हुई तो सख्त हो जाएगी खेत की मिट्टी
जाम के दौरान मौजूद किसानों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से दूर गांवों से सिरसा शहर के चक्कर काट रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों की ओर से हर बार एक ही जवाब दिया जा रहा है कि खाद का स्टॉक उपलब्ध नहीं। किसानों ने बताया कि उनके खेत बिजाई के लिए तैयार हैं। अगर बिजाई में देरी हुई तो मिट्टी सख्त हो जाएगी।
-
पैदावार पर पड़ेगा प्रतिकूल असर
किसानों का कहना है कि देरी से डीएपी खाद मिलने से बिजाई में भी देरी होगी। जिसका पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। खास बात यह है कि एक ओर जहां किसान खाद की कमी की बात कर रहे हैं, वहीं प्रदेश सरकार पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता का दावा कर रही है।
-
किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। रविवार को 2500 मीट्रिक टन खाद पहुंच जाएगी। इसमें से 2 हजार मीट्रिक टन डीएपी व 500 मीट्रिक टन टीएसपी खाद होगी। रोड जाम करने वाले प्रदर्शनकारी किसानों के नाम लिस्ट में दर्ज कर लिए गए हैं। करीब 90 किसानों ने अपने नाम दर्ज कराए हैं। उक्त किसानों सहित सभी किसानों को रविवार को पर्याप्त मात्रा में खाद मिल जाएगी।
अमित वर्मा, क्वालिटी कंट्रोलर, कृषि विभाग, सिरसा।