गेहूं और सरसों की खरीद सरकार की ओर से एक अप्रैल से शुरू की जाएगी। मंडियों में व्यवस्था बनाने को लेकर मार्केट कमेटी ने तैैयारी शुरू कर दी है। इस सीजन में गेहूं खरीद के लिए 59 और सरसों खरीद के लिए 10 केंद्रों को तय किया गया है। गेहूं की खरीद चार एजेंसियों और सरसों की खरीद तीन एजेंसियों द्वारा की जाएगी। सरकार ने गेहूं का 1975 रुपये तो सरसों का 4650 रुपये प्रति क्विंटल भाव तय किया है।
सरकारी भाव पर अनाज को बेचने के लिए किसानों को पहले मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा, जिसके पश्चात किसानों को सूची में शामिल कर उन्हें दिन अनुसार मंडी में बुलाया जाएगा। वहीं, आढ़तियों को भी अपने किसानों की मेपिंग कर मार्केट कमेटी पोर्टल में अपलोड करना होगा। इसके पश्चात फसल का टोकन कटने के बाद खरीद कार्य किया जाएगा। हालांकि बीते वर्ष कोरोना काल के कारण 200 खरीद केंद्र बनाए गए थे। यहां पर किसानों को तय दिन के अनुसार अपनी फसल लेकर पहुंचना होता था। ऐसे में इस बार खरीद केंद्र कोरोना काल से पहले वाले ही तय किए गए है। यहां खरीद कार्य एजेंसियों की ओर से किया जाएगा। पोर्टल पर सिरसा के साथ लगते राज्यों के किसान भी रजिस्ट्रेशन कर अनाज बेचने के लिए पहुंच सकते हैं।
गेहूं खरीद के लिए यहां पर बने हैं इतने खरीद
केंद्र मार्केट कमेटी केंद्र
सिरसा 14
डबवाली 15
कालांवाली 13
ऐलनाबाद 03
रानियां 09
डिंग 05
यहां बने हैं सरसों खरीद केंद्र
सिरसा, डबवाली, आरके डबवाली, कालांवाली, ऐलनाबाद, खारियां, नाथूसरी चोपटा, ओढ़ां, चौटाला, डिंग
चार एजेंसियां करेंगी मंडियों में गेहूं की खरीद
जिले में गेहूं खरीद के लिए 59 खरीद केंद्र बनाए गए है। गेहूूं की खरीद भारतीय खाद्य निगम, खाद्य आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयर हाउस की ओर से की जाएगी। एजेंसियों की ओर से 15 मई तक खरीद की जाएगी। गेहूं की नमी 12 फीसद से कम होने के बाद ही एजेंसी खरीद करेंगी। जबकि सरसों के कुल 10 खरीद केंद्र बनाए गए है। इसकी खरीद हरियाणा वेयर हाउस, हैफेड और नैफेड एजेंसी द्वारा की जाएगी।
खरीद कार्य के लिए डीएमईओ ने बोर्ड से मांगे 110 कर्मचारी
गेहूं खरीद कार्य शुरू करने के लिए डीएमईओ कार्यालय की तरफ से 110 कर्मचारियों की मांग मार्केटिंग बोर्ड से की है। डीएमईओ के पास अब 34 मंडी सुपरवाइजर, 27 एआर और 11 डाटा एंट्री ऑपरेटर है। अब डीएमईओ ने 15 मंडी सुपरवाइजर, 27 एआर और 68 डाटा एंट्री ऑपरेटर दिए जाने की मांग की है।
प्राइवेट फर्मों ने शुरू किया सरसों की खरीद का कार्य
सरकार की ओर से एक अप्रैल से सरसों की खरीद करने की प्लानिंग है। हालांकि अभी तिथि में बदलाव कर इसे मार्च माह के अंत में भी शुरू किया जा सकता है। लेकिन फसल तैयार होने के बाद सरसों मंडियों में पहुंचनी शुरू हो चुकी है। प्राइवेट एजेंसियों की ओर से 5392 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार सरसों की खरीद की जा रही है जबकि सरकार की ओर से 4650 प्रति क्विंटल सरसों का भाव तय किया गया है।
गेहूं और सरसों की खरीद के लिए केंद्र तय हो चुके हैं। केंद्रों में व्यवस्था बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होगी। 12 फीसदी नमी तक ही गेहूं की खरीद की जाएगी। किसानों को पहले मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इसके पश्चात ही सरकारी भाव पर फसल की खरीद की जाएगी।
- चरण सिंह गिल, डीएमईओ, सिरसा।