बरनाला रोड पर स्थित नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय। संवाद
सिरसा। शहर के व्यस्त बरनाला रोड पर राहगीरों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर करने के लिए नगर परिषद ने करीब पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय आमजन के लिए खोल दिया है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को अब लघुशंका के लिए इधर-उधर भटकने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
बरनाला रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यहां बाजार, बस स्टॉप और अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं जिसके चलते दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह समस्या अधिक गंभीर थी। कई बार उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था और लंबे समय तक अपनी जरूरत रोकने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
बरनाला रोड पर सार्वजनिक शौचालय शुरू होने से राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों, बस स्टॉप पर पहुंचने वाले यात्रियों और मार्ग से गुजरने वाले अन्य लोगों को जरूरत के समय सुविधा उपलब्ध होगी।
राहगीर काशीराम, मनोज और सुरजीत ने बताया कि बरनाला रोड पर सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। मजबूरी में उन्हें वैकल्पिक स्थान तलाशने पड़ते थे, जिससे कई बार असहज स्थिति पैदा हो जाती थी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय शुरू होने से विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को राहत मिलेगी। यह सुविधा शहर में स्वच्छता और आमजन की सहूलियत के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
:::::::::आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरनाला रोड पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया गया है। शौचालय शुरू होने से राहगीरों को लघुशंका के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
शांति स्वरूप, चेयरमैन नगर परिषद सिरसा।