पंजाब क्षेत्र के निकटवर्ती गांव डूमवाली के पेट्रोल पंप पर भारतीय किसान यूनियन एकता की ओर से लगाए गए धरने पर एकत्रित हुए किसानों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश से आ रही धान, जीरी व बासमती से भरे ट्रक-ट्रालों को घेर कर रोक लिया। किसानों का आरोप है कि इन सभी ट्रक-ट्रालों में लदा धान, जीरी व बासमती यूपी, बिहार व हरियाणा से पंजाब के राइस मिलरों द्वारा मंगवाया गया है।
भारतीय किसान यूनियन एकता के ब्लॉक प्रधान जबरजंग सिंह, भोला सिंह, कुलबीर सिंह, जगदेव सिंह मैहता, लखविंद्र सिंह, भूपिंद्र सिंह, केवल सिंह जंगीराना, मलकीत सिंह ने के नेतृत्व में किसानों ने पेट्रोल पंप के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी गाड़ियों को यूपी-बिहार वापस भेजने की मांग की। उधर, ट्रक-ट्राला चालक संतोष कुमार, गुरप्रीत सिंह, राम सिंह, कुलजिंद्र सिंह, गुरनैब सिंह ने कहा कि उन्हें डबवाली गांव में रोका गया था, लेकिन प्रशासन द्वारा उनके कागजात की जांच करने के बाद उन्हें हरियाणा का बॉर्डर क्रॉस करवा दिया गया। अब यहां पंजाब के किसानों ने उनके ट्रकों को घेर कर रूकवा लिया है और कोई भी उनकी बात को सुनने के लिए तैयार नहीं।