विधायक गोपाल कांडा के घर के बाहर धरने पर बैठे किसान।
- फोटो : Sirsa
लघु सचिवालय में धरने पर बैठे किसानों ने वीरवार को विधायक गोपाल कांडा के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने करीब सवा घंटे तक उसके घर के बाहर धरना लगाया। लेकिन विधायक आवास से कोई भी पक्ष नहीं आया। हालांकि किसानों के लिए चाय की व्यवस्था की गई। विधायक के आवास की सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीएसपी आर्यन चौधरी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था।
किसान नेता जसबीर सिंह भाटी की अगुवाई में किसान करीब पौने तीन बजे विधायक के आवास पर पहुंचे। किसान नेता जसबीर सिंह भाटी ने कहा कि विधायक गोपाल कांडा धरने पर आएं और बताएं कि वे तीन कृषि कानूनों के खिलाफ है तो हमारे साथ धरने पर बैठे। या फिर वे सरकार के साथ है तो इसकी भी घोषणा करें। भाटी ने कहा कि किसान आज सड़कों पर है अगर किसान एक रहेंगे तो कल सरकार सड़कों पर होगी। भाटी ने कहा कि जो विधायक किसानों के साथ है सिर्फ वहीं गांवों में जा सकते हैं जो साथ नहीं है उनका विरोध किया जाएगा। भाटी ने कहा कि किसानों की मांग है कि तीन कानून वापस लिए जाए, सभी फसलें को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। किसान नेता ने कहा कि पांच नवंबर को डबवाली रोड साहुवाला में धरना लगाया जाएगा। 26 नवंबर को दिल्ली में धरना दिया जाएगा। जब तक सरकार तीन कृषि कानून को वापस नहीं लेती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। हम पिछले बीस साल से किसानों के हक के लिए लड़ रहे हैं कुछ लोग अलग धरना बैठे हैं जो आज तक कभी भी दिखाई नहीं दिए। इसके बाद करीब चार बजे किसान वापस लघु सचिवालय को लौट गए।