डबवाली। भीषण गर्मी के कारण डबवाली शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लंबे अघोषित बिजली कटों से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
शहर के कई इलाकों में लोगों को रातभर बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों की फसलें सूखने लगी हैं। देसुजोधा फीडर से जुड़े किसानों ने देसुजोधा ग्रिड पर धरना शुरू किया है। वे बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि नलकूपों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही जिससे सिंचाई प्रभावित है। बिजली विभाग के जेई बलवीर सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी से बिजली की मांग बढ़ी है। अधिक भार से कई ट्रांसफार्मरों में खराबी आ रही है। विभाग की टीमें व्यवस्था सामान्य करने में जुटी हैं। संवाद