अबूबशहर के किसानों ने कहा- धान सूखने का डर, नियमित बिजली की मांग
फोटो - 3
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। गांव अबूबशहर में लग रहे अघोषित बिजली कटों से परेशान किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा वीरवार को फूट पड़ा। किसानों ने गांव के बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उन्होंने नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
धरने के दौरान किसानों ने कहा कि पिछले कई दिनों से कृषि फीडरों पर बार-बार बिजली कट लगाए जा रहे हैं। इससे धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। समय पर पानी नहीं मिलने के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने लगी है।
किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से बिजलीघर के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अघोषित बिजली कट बंद कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरने की सूचना पाकर बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
इस मौके पर मेरा पानी मेरा हक टीम के सदस्य भी मौजूद थे। इनमें नरेंद्र निज्जर, राजेंद्र नेहरा, लवप्रीत सिंह, मनोज कुमार, सुखदीप बराड़, अश्वनी नेहरा, अंकुश पूनिया, बिट्टू कुलरिया, सुभाष गोदारा, कृष्ण गोदारा, संदीप पंवार आदि शामिल थे।
मौसम में सुधार होने पर मिलेगी निर्बाध बिजली : एसडीओ
बिजली निगम चौटाला के एसडीओ रजत कुमार ने अत्यधिक गर्मी के कारण फीडरों पर लोड बढ़ता है। इसी वजह से पीछे से ही बिजली कट लगते हैं। यहां से कोई कट नहीं लगाए जाते। उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा तो फीडरों पर लोड कम होगा। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी।