जगदेव चौक पर बंद किए रास्ते, जनता भवन को वन वे किया
फोटो 28 से 35
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बाजारों में बरसाती लाइन बिछाने का काम मंगलवार को शुरू हो गया। जगदेव चौक से लाइन क्रॉस करवाने को लेकर जैसे ही काम शुरू किया गया। दो से तीन दुकानदारों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, जनता दर्शन करने जनता भवन रोड पर आए विधायक गोकुल सेतिया के पास पहुंच गए। वहां पर दुकानों ने अपना पक्ष रखा और मौके पर मौजूद एमई सुमित चोपड़ा, जेई दीपक कुमार व एजेंसी के कर्मचारियों ने सारी बात विधायक को बताई। विधायक ने कहा कि नियमानुसार शहर के विकास को लेकर जो सही वह अधिकारी करें। व्यापारियों को अधिकारियों को सहयोग करना चाहिए।
इसके बाद अधिकारियों के साथ वापस मौके पर दुकानदार आए गए तो जन स्वास्थ्य विभाग के जेई देवकर्ण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों को समझाया कि दूसरे साइड पानी और सीवरेज दोनों की मुख्य लाइन गुजर रही है। इस ओर एक लाइन है। इसलिए बीच सेंटर में इसके खोदाई का कार्य किया जाएगा। अधिकारियों के समझाने के बाद भी दो से तीन दुकानदार नहीं माने तो अधिकारियों ने कहा कि जो नियमानुसार सही है, वह हम करेंगे।
इस प्रकार उठा विवाद
जगदेव चौक पार करने के बाद लाइन को दुकानदारों के अनुसार चावला स्वीट्स के साइड से गुजारना था। बाद में अधिकारियों ने इस नक्शे में बदलाव कर दिया। दूसरी ओर पानी व सीवरेज दोनों की लाइन है। हमारी साइड खोदाई करना गलत है। दूसरे साइड खोदाई की जाए। वहीं, दूसरे साइड के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों ने नक्शे में जांचा है। उनकी बात भी सही है। केवल एक दुकानदार पर आरोप लगाकर लोग गलत बात कर रहे हैं। यदि दूसरी ओर खोदाई होती है तो कॉलोनी के लोगों की पेयजल सप्लाई कनेक्शन सभी टूट जाएंगे। यदि ऐसा होता है तो कॉलोनी के लोग धरने पर कल से ही बैठ जाएंगे। दोनों पक्षों को 45 मिनट तक सुनने के बाद अधिकारी चले गए और ठेकेदार ने अपना काम जारी रखा।
लिखित में दें अधिकारी, हम वहीं काम करेंगे
ठेकेदार के कर्मचारी सुरजीत कुमार ने बताया कि उनका काम बरसाती लाइन बिछाना है। जहां पर अधिकारी लिखकर देंगे, वहीं लाइन बिछा देंगे। दुकानदारों के कहे अनुसार कुछ नहीं होगा। हमें नक्शा दिया गया है और उसी अनुरूप काम हो रहा है। ज्यादा विरोध होता है और लोग नहीं करने देंगे तो काम बंद कर देंगे।
नक्शे के अनुरूप काम हो रहा है
एमई सुमित चोपड़ा व जेई दीपक कुमार ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरा नक्शा देखने और मार्किंग करवाने के बाद काम शुरू किया गया है। आज ये दुकानदार आकर कह रहे हैं कि यहां पर खोदाई नहीं करनी है, कल दूसरी ओर से दुकानदार कह देंगे। इसी प्रकार काम करना संभव नहीं है। लोगों को समझना होगा कि काम के दौरान कुछ दिन दिक्कत होगी और व्यापार भी प्रभावित होता है। खोदाई के साथ-साथ तेजी से लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। साथ ही सड़क दुुरुस्त करते जाएंगे ताकि कोई दिक्कत वाहन चालकों को न हो। दुकानदारों को संयम रखना होगा।
इस प्रकार रूट किया डायवर्ट
- जगदेव चौक से रोड़ी बाजार के लिए रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
- शिव चौक से जगदेव चौक से पहले 10 मीटर पहले दोनों ओर के रास्ते बंद कर दिए गए।
- जनता भवन रोड से आने का रास्ता बंद कर दिया गया ताकि बाजार में कोई न जा सके।
- सांगवान चौक से रानियां रोड जाने के लिए जनता भवन से मंडी होते हुए रास्ता दिया गया।
- शिव चौक से बाजार का रास्ता दिया गया।
- शिव चौक से सागवान चौक के लिए सरकारी स्कूल के सामने से मंडी होते हुए रास्ता दिया गया।
- सांगवान चौक से लक्ष्मी स्वीट्स के पास से होते हुए बाजारों का रास्ता दिया गया।
-
कोट्स
विकास कार्य शहर के लिए जरूरी है। अधिकारियों ने नक्शे के आधार पर निर्णय लिया है। किसी दुकानदार के साथ कुछ गलत नहीं होने दिया जाएगा। नियमानुसार अधिकारियों को काम करने के आदेश दिए हैं।
-गोकुल सेतिया, विधायक
कोट्स
नियमानुसार काम किया जा रहा है। हमारी दूसरी ओर मुख्य दो लाइनें हैं। एक ओर महज सीवरेज की लाइन है। इसलिए बीच सेंटर से आसानी से बरसाती लाइन बिछाई जा सकती है। इसी को लेकर हमने अनुमति दी है। दुकानदार अपने हिसाब से काम करवाना चाहते है जो संभव नहीं है। हमारे नक्शे के अनुरूप काम करवाएंगे।
-देवकर्ण, जेई जन स्वास्थ्य विभाग