फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: बड़ागुढ़ा में बीडीपीओ के खिलाफ सरपंचों का अनिश्चितकालीन धरना, तबादले की मांग

Tue, 17 Nov 2026 11:31 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
ओढ़ां। बीडीपीओ के खिलाफ नारेबाजी करते सरपंच । संवाद
विज्ञापन
विकास कार्यों के बदले पैसे मांगने का लगाया आरोप, बोले- अधिकारी के तबादले तक जारी रहेगा धरना
विज्ञापन

फोटो - 25
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। खंड बड़ागुढ़ा में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) भजन लाल के कथित कार्य व्यवहार के विरोध में सरपंचों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सरपंचों ने मंगलवार को बीडीपीओ कार्यालय परिसर में एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
सरपंचों ने अधिकारी पर विकास कार्यों के बदले पैसे मांगने, अभद्रता करने और मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंचों ने कहा कि बीडीपीओ के तबादले तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन

धरना प्रदर्शन के समय बीडीपीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। धरने पर सरपंच एसोसिएशन की प्रधान कविता देवी, वीरूवाला के सरपंच इकबाल सिंह, भादडा के सरपंच मंजीत डूडी, सुखचैन से सरपंच सर्वजीत कौर और रंगा से कर्मजीत सहित अन्य सरपंच शामिल थे।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों का उद्देश्य गांवों में विकास कार्य करवाना है। सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत पंचायतों को यह जिम्मेदारी देती है। लेकिन खंड कार्यालय में उनके कार्यों में लगातार परेशानियां आ रही हैं।
सरपंचों का आरोप है कि विकास कार्यों से संबंधित फाइलों को पूरा करवाने के लिए बीडीपीओ कथित तौर पर पैसों की मांग करते हैं। मांग पूरी न होने पर कार्य में कमी निकाली जाती है या फाइल रोक दी जाती है।
आरोपों का विवरण
भादडा के सरपंच मंजीत डूडी ने बताया कि उनके गांव में मनरेगा के तहत जुलाई में बजट आया था। उन्होंने करीब 26 लाख रुपये का विकास कार्य करवाया जिसमें पाइपलाइन व गली का निर्माण शामिल था। मंजीत डूडी का आरोप है कि बीडीपीओ भजन लाल ने इस कार्य के बदले उनसे 50 हजार रुपये मांगे। पैसे न देने पर उनकी फाइल करीब 3 महीने तक रोके रखी गई। उन्होंने बीडीपीओ के खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया है।साहुवाला की सरपंच कविता देवी ने भी बीडीपीओ पर गली के कार्य में पैसे लेने का आरोप लगाया। उनके गांव में करीब पौने आठ लाख रुपये की लागत से गली का निर्माण हुआ था। कविता देवी का आरोप है कि बीडीपीओ ने एक ग्राम सचिव के माध्यम से उनसे 40 हजार रुपये लिए।
शिकायतें और उच्चाधिकारियों से मुलाकात
मल्लेवाला के सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीपीओ ने उनकी पत्नी सरपंच सोनी बाई के साथ घर में अभद्र व अमर्यादित भाषा में बात की। मनोज कुमार ने बीडीपीओ के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए। कार्यालय के ग्राम सचिव ओमवीर ने भी बीडीपीओ पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। उन्होंने छुट्टी के बदले पैसे मांगने, वेतन रोकने और गालियां निकालने की शिकायत जिलाधिकारी और निदेशक को दी है। ओमवीर ने बताया कि बीडीपीओ ने उनसे दिवाली व अन्य एवज में पैसे मांगे। पैसे न देने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर वेतन रोक लिया गया। वह इस विषय में जिलाधिकारी से भी मिल चुके हैं।
मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया
अन्य सरपंचों ने भी बीडीपीओ पर कई आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग की। सरपंच एसोसिएशन की प्रधान कविता देवी ने बताया कि बीडीपीओ की कार्यशैली को लेकर बीती 4 नवंबर को सरपंच एसोसिएशन चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिली थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में निदेशक को जांच करने के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन


कोट्स
मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मैंने किसी से कोई पैसा नहीं मांगा है और न ही किसी से कोई पैसा लिया है। उच्चाधिकारी चाहें तो जांच करवा लें। उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। सरपंच बेवजह दबाव बनाना चाहते हैं।
-भजन लाल शर्मा, बीडीपीओ (बड़ागुढ़ा)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें